ऑल ड्राइवर्स कल्याण संगठन का सम्मान समारोह संपन्न “सड़क पर दौड़ता हर वाहन ड्राइवर की मेहनत और संघर्ष की कहानी है” — मंत्री उदय प्रताप सिंह
“सड़क पर दौड़ता हर वाहन ड्राइवर की मेहनत और संघर्ष की कहानी है” — मंत्री उदय प्रताप सिंह

गाडरवारा। वाहन चालकों के सम्मान एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑल ड्राइवर्स कल्याण संगठन, मध्यप्रदेश द्वारा विगत दिवस नमामि पैलेस में भव्य जन जागरूकता अभियान एवं वाहन चालक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्रीमती साधना स्थापक कार्यक्रम की विशेष अतिथि रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सड़क पर दौड़ता हुआ हर वाहन केवल सफर नहीं करता, बल्कि वह एक ड्राइवर की मेहनत, जिम्मेदारी और संघर्ष की कहानी लेकर चलता है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक अपने परिवार से दूर रहकर भी हजारों परिवारों की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि ड्राइवर्स का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार परिवहन व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित, आधुनिक और जनहितैषी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में यात्रियों के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र से जुड़े ड्राइवर्स एवं अन्य कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ड्राइवरों के स्वास्थ्य परीक्षण, पर्याप्त विश्राम, बीमा एवं अन्य कल्याणकारी सुविधाओं की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
सड़क सुरक्षा को लेकर दिया जागरूकता संदेश
राज्य महिला आयोग की सदस्य एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्रीमती साधना स्थापक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ड्राइवर्स समाज की रीढ़ हैं। वे दिन-रात मेहनत करके यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून के माध्यम से सुनिश्चित नहीं की जा सकती, बल्कि इसके लिए जन-जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार भी आवश्यक है। प्रत्येक चालक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए और वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशे से पूरी तरह दूर रहना चाहिए।
समारोह के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त ड्राइविंग को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। विशेषज्ञों ने वाहन चालकों को वाहन के नियमित मेंटेनेंस, लंबी यात्रा के दौरान थकान से बचने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
वरिष्ठ वाहन चालकों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले वरिष्ठ एवं अनुभवी वाहन चालकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले चालकों ने इसे अपने लिए गौरव का क्षण बताते हुए संगठन एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान वाहन चालकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को भी सामने रखा। उन्होंने सरकार से बेहतर बीमा सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं, विश्राम गृह एवं ड्राइवर्स के लिए अन्य कल्याणकारी योजनाओं की मांग रखी।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि रीतेश राय, मंडल अध्यक्ष दिग्विजय सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे। ड्राइवर्स कल्याण संगठन के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया।
संगठन के पतिराम दावरे एवं नारायण राजपूत ने कहा कि इस तरह के आयोजन वाहन चालकों का मनोबल बढ़ाने के साथ समाज में उनके योगदान और महत्व को सामने लाते हैं। उन्होंने कहा कि ड्राइवर दिन-रात सड़क पर रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए उनके सम्मान और कल्याण के लिए लगातार प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में मौजूद वाहन चालकों ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य केवल वाहन चालकों का सम्मान करना ही नहीं, बल्कि सुरक्षित यातायात के प्रति समाज में जागरूकता पैदा करना भी रहा।







