गाडरवारा में NSD की निःशुल्क नाट्य कार्यशाला: मिलेगा आशुतोष राणा के मार्गदर्शन का अवसर
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) नई दिल्ली ने गाडरवारा में आयोजित होने वाली निःशुल्क नाट्य कार्यशाला को सैद्धांतिक स्वीकृति दी। अगस्त में होने वाली कार्यशाला में NSD स्नातक प्रशिक्षण देंगे और आशुतोष राणा का मार्गदर्शन मिलेगा।

गाडरवारा, नरसिंहपुर। कला और रंगमंच के क्षेत्र में गाडरवारा के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली ने रंगसरोकार नाट्य प्रसार समिति, नरसिंहपुर को गाडरवारा में प्रस्तावित नाट्य कार्यशाला आयोजित करने के लिए सैद्धांतिक (इन-प्रिंसिपल) स्वीकृति प्रदान की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निःशुल्क नाट्य कार्यशाला अगस्त माह में गाडरवारा में आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का संचालन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के स्नातकों द्वारा किया जाएगा तथा इसमें देश के प्रख्यात लेखक एवं अभिनेता आशुतोष राणा के मार्गदर्शन का लाभ प्रतिभागियों को मिलेगा।
यह कार्यशाला रंगमंच, अभिनय, संवाद अदायगी, शारीरिक अभिव्यक्ति, मंच संचालन और नाट्य कला की विभिन्न विधाओं पर आधारित होगी। इसका उद्देश्य जिले के युवाओं एवं कला प्रेमियों को पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देना है।
आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला में सीमित सीटें उपलब्ध रहेंगी और प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा। फिलहाल यह प्रारंभिक सूचना जारी की गई है। कार्यशाला की तिथि, पंजीयन प्रक्रिया, पात्रता, समय-सारिणी एवं अन्य आवश्यक जानकारियां शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएंगी।
रंगमंच और अभिनय में रुचि रखने वाले युवाओं से अपील की गई है कि वे आगामी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें और समय पर अपना पंजीयन कराएं।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद गाडरवारा के अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि यह कार्यशाला क्षेत्र की सांस्कृतिक प्रतिभाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और गाडरवारा के युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण का सुनहरा अवसर साबित होगी।







