मध्य प्रदेशराजनीति

मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

सेवासदन में आयोजित जनसुनवाई में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में लोग

गाडरवारा। क्षेत्र की जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा गाडरवारा विधायक राव उदयप्रताप सिंह ने शुक्रवार को लक्ष्मी टाउनशिप स्थित सेवासदन में जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगर से पहुंचे नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुबह करीब 11 बजे सेवासदन पहुंचे मंत्री राव उदयप्रताप सिंह का कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने स्वागत किया। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन लेकर पहुंचे। मंत्री ने एक-एक आवेदक से चर्चा कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ

जनसुनवाई के दौरान मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शासन की सभी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाए तथा प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और किसी भी जरूरतमंद नागरिक को अनावश्यक परेशान नहीं होना चाहिए।

संगठन की मजबूती ही सरकार की ताकत

कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है। सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमारी सरकार जनसेवा के लिए बनी है। हर कार्यकर्ता जनता का सेवक है। गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र मेरा परिवार है और यहां के प्रत्येक नागरिक की समस्या मेरी अपनी समस्या है। हम सभी मिलकर गाडरवारा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएंगे।”

जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद

जनसुनवाई कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव, सभापति आनंद दुबे, भाजपा नेता अनूप जैन, राजेश जैन, सुरेश श्रीवास्तव सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!