नहर किनारे युवक की गोली मारकर हत्या, अज्ञात आरोपी वारदात के बाद फरार
नर्मदापुरम के शोभापुर क्षेत्र में सचिन पूर्वीया की अज्ञात आरोपियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाददाता राकेश पटेल इक्का
नर्मदापुरम/सोहागपुर। जिले के शोभापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शोभापुर-रानी पिपरिया नहर के पास की बताई जा रही है, जहां अज्ञात आरोपियों ने एक युवक पर गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सचिन पूर्वीया निवासी शोभापुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन पूर्वीया को रानी पिपरिया के समीप नहर के पास अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
मामले को लेकर सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।







