गाडरवारा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित, ईद पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर हुई चर्चा
गाडरवारा थाना परिसर में आगामी ईद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान और तहसीलदार प्रियंका नेताम की मौजूदगी में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई।

गाडरवारा। आगामी ईद त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना परिसर गाडरवारा में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान एवं तहसीलदार प्रियंका नेताम विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में नगर के समुदाय प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा पत्रकारगणों ने भाग लिया। इस दौरान ईद पर्व के दौरान नगर में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने तथा त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस एवं प्रशासन की ओर से ईदगाह, मस्जिदों एवं अन्य नमाज स्थलों पर साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया गया। साथ ही पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक पुलिस बल तैनात किए जाने की बात कही गई।
थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना के साथ त्यौहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। वहीं तहसीलदार प्रियंका नेताम ने भी नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें सभी समुदायों के लोगों ने मिलकर शांति एवं भाईचारे के साथ ईद पर्व मनाने का संकल्प लिया।







