गांव में मन नहीं लगा, घर के विवाद से परेशान होकर भोपाल घूमने निकल गईं तीन नाबालिग बालिकाएं
पलोहा पुलिस ने 12 घंटे में भोपाल से सकुशल किया दस्तयाब, परिजनों ने जताया आभार

गाडरवारा/नरसिंहपुर। थाना पलोहा क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को नरसिंहपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर भोपाल से सकुशल दस्तयाब कर लिया। मामले में पुलिस की सक्रियता और तत्परता की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना पलोहा में एक प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 13 वर्षीय और 15 वर्षीय बेटियां गांव की ही एक अन्य 13 वर्षीय बालिका के साथ सामान लेने गाडरवारा जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पलोहा पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन और एसडीओपी तेंदूखेड़ा अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्तर पर अलग-अलग टीमों को संभावित स्थानों पर तलाश और तकनीकी जांच के लिए लगाया गया।
तकनीकी जांच से मिला सुराग, भोपाल पहुंची पुलिस टीम
पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों और अन्य सूचनाओं के आधार पर पतासाजी शुरू की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि तीनों बालिकाएं भोपाल क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल भोपाल रवाना हुई और वहां से तीनों बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
घर के विवाद और गांव के माहौल से थीं परेशान
दस्तयाबी के बाद पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि गांव में उनका मन नहीं लग रहा था और घर में लगातार विवाद एवं कलह का माहौल रहने से वे मानसिक रूप से परेशान थीं। इसी कारण वे बिना बताए भोपाल घूमने निकल गई थीं।
पुलिस द्वारा तीनों बालिकाओं को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रियंका बी.एल. त्यागी, प्रधान आरक्षक कमल सिंह, देवेंद्र सिंह, महिला आरक्षक कुमुद पाठक, सुप्रिया गोहिया और आरक्षक जितेंद्र धाकड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिजनों ने बालिकाओं को सकुशल वापस लाने पर नरसिंहपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।







