झाबुआ में 24 घंटे में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार, 2.65 लाख की बाइक बरामद
झाबुआ कोतवाली थाना पुलिस ने 24 घंटे में दो मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। Yamaha R15 और Honda Shine सहित 2.65 लाख की बाइक बरामद।

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
झाबुआ | 22 फरवरी 2026। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 लाख 65 हजार रुपये मूल्य की दो बाइक बरामद की हैं।
मामला 1: शगुन गार्डन के सामने से यामाहा R15 चोरी
फरियादी सुमित डामोर, निवासी रामदास कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे उन्होंने झाबुआ YAMAHA R15 (MP45MT4609) शगुन गार्डन के सामने खड़ी की थी। गार्डन से लौटने पर बाइक गायब मिली।
इस पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 135/26, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाइक की अनुमानित कीमत करीब 1.90 लाख रुपये बताई गई है।
मामला 2: सिद्धेश्वर कॉलोनी मंदिर के पास से होंडा शाइन पार
दूसरे मामले में कालू खराड़ी, निवासी मोहड़ी डुंगरी ने शिकायत दर्ज कराई कि वे अपनी HONDA SHINE (MP45MG8622) लेकर झाबुआ आए थे। सिद्धेश्वर कॉलोनी मंदिर के पास बाइक खड़ी कर बाजार गए थे। लौटने पर बाइक गायब मिली।
इस संबंध में अपराध क्रमांक 134/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
दोनों प्रकरणों में झाबुआ कोतवाली थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों शाकिर पिता साबिर सय्यद और विकास पिता बादल भूरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दोनों चोरी गई मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं।
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।








