क्राइममध्य प्रदेश

गाडरवारा पंचवटी कॉलोनी में चोरी का खुलासा: सूचना देने वाला किरायेदार ही निकला शातिर चोर, 12 लाख के जेवर बरामद

गाडरवारा की पंचवटी कॉलोनी में चोरी का बड़ा खुलासा। किरायेदार दीपक वर्मा ही निकला शातिर चोर। 76 ग्राम सोना, 280 ग्राम चांदी और नगदी बरामद। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में कार्रवाई।

गाडरवारा, 19 फरवरी 2026। पंचवटी कॉलोनी में हुई चर्चित चोरी की वारदात का गाडरवारा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी की सूचना देने वाला किरायेदार ही शातिर चोर निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के 76 ग्राम सोना, 280 ग्राम चांदी के जेवर एवं 2,000 रुपये नगद बरामद किए हैं।

मामला क्या था?

दिनांक 06/12/2025 को पंचवटी कॉलोनी स्थित एक मकान का ताला तोड़कर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर एवं 8,000 रुपये नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस पर थाना गाडरवारा में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

ऐसे खुली साजिश

पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ऋषिकेश मीणा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदिग्ध किरायेदार दीपक वर्मा से पूछताछ की गई, जो बार-बार अपने बयान बदल रहा था।

तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई। आरोपी ने मकान मालिक के शहर से बाहर होने का फायदा उठाकर घर का ताला तोड़ा और अलमारी से जेवर व नगदी चोरी कर ली। चोरी किए गए जेवर डिब्बे में भरकर झाड़ियों में छिपा दिए और बाद में खुद ही मकान मालिक व पुलिस को चोरी की सूचना देकर गुमराह करने की कोशिश की।

आरोपी का विवरण

आरोपी दीपक पिता मनसाराम वर्मा (उम्र 35 वर्ष), निवासी ग्राम बसुरिया हाल पंचवटी कॉलोनी गाडरवारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर

  • सोने के 3 मंगलसूत्र, टॉप्स, चेन, 4 अंगूठी
  • चांदी के 5 चूड़े, 3 पायल, 5 जोड़ी बिछिया
  • नगद 2,000 रुपये
    बरामद किए हैं।

पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड

आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना गाडरवारा में जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, एसडीओपी गाडरवारा ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह चौहान सहित पुलिस टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गाडरवारा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!