MBA छात्रा का शव क्लासमेट के कमरे में निर्वस्त्र मिला, तीन दिन से थी लापता
इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में 25 वर्षीय MBA छात्रा का शव क्लासमेट के कमरे में मिला। तीन दिन से लापता थी छात्रा, आरोपी छात्र फरार।

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में 25 वर्षीय एमबीए छात्रा का शव उसके क्लासमेट के किराए के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा पिछले तीन दिनों से लापता थी। कमरे के बाहर ताला लगा था और बदबू आने की शिकायत के बाद पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर बेड पर शव मिला। घटना के बाद से आरोपी छात्र फरार बताया जा रहा है।
10 फरवरी से थी लापता
पुलिस के अनुसार युवती 10 फरवरी को घर से आधार कार्ड ठीक कराने की बात कहकर निकली थी। उसके पिता ने उसे कलेक्टोरेट के पास छोड़ा था। वहां से उसने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया कि वह अपने क्लासमेट पीयूष के साथ जन्मदिन कार्यक्रम में जा रही है और रात 11 बजे तक लौट आएगी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी और मोबाइल फोन बंद हो गया।
परिजनों ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
व्हॉट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक वीडियो
परिजनों के अनुसार, उसी रात कॉलेज के आधिकारिक व्हॉट्सएप ग्रुप में युवती के मोबाइल से एक आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया। वीडियो में युवक का चेहरा इमोजी से ढका हुआ था, जबकि युवती का चेहरा स्पष्ट दिख रहा था।
आरोप है कि आरोपी ने युवती के मोबाइल से स्टेटस लगाया और फोन में सेव संपर्कों को वीडियो भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
कॉलेज प्रबंधन ने 11 फरवरी को वीडियो हटाया और युवती के पिता को बुलाकर दोनों छात्रों के फोन बंद होने की जानकारी दी।
बदबू आने पर खुला राज
घटना थाना क्षेत्र की अंकल गली की बताई जा रही है। पड़ोसियों ने कमरे से बदबू आने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बाहर से ताला लगे होने के कारण दरवाजा खुलवाया। अंदर बेड पर युवती का शव मिला।
मौके पर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया।
कमरा मंदसौर निवासी पीयूष धामनोदिया का बताया जा रहा है, जो सांवेर रोड स्थित एक संस्थान से एमबीए द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद से वह फरार है।
पिता का आरोप – यातनाएं देकर की हत्या
युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को प्रताड़ित कर हत्या की गई। उनका कहना है कि वीडियो वायरल कर मानसिक दबाव बनाया गया। परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं।
एडिशनल डीसीपी के अनुसार आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना की गई हैं। मामले की जांच जारी है।







