अहिरवार समाज द्वारा बाबा साहेब अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)।
अहिरवार समाज संघ की ओर से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर की 69वीं पुण्यतिथि (महापरिनिर्वाण दिवस) पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 06 दिसम्बर 2025, शनिवार, शाम 4 बजे सालीचौका के पोड़ार तिगड़ा में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहेंगे।
वरिष्ठ समाजसेवी विनोद मांडले ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बाबा साहेब अम्बेडकर भारतीय संविधान के शिल्पकार हैं, जिनके विचार आज भी सामाजिक समानता, न्याय और अधिकारों की प्रेरणा देते हैं। अहिरवार समाज के सभी नागरिक इस मौके पर एकत्र होकर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित करेंगे।
संत रविदास जयंती की रूपरेखा भी तैयार होगी
श्रद्धांजलि सभा के साथ ही पोड़ार तिगड़ा में आगामी राज्य स्तरीय संत रविदास जयंती आयोजन को लेकर भी चर्चा की जाएगी। समाज के वरिष्ठजनों, प्रबुद्ध नागरिकों और युवा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। समाज ने बताया कि निर्णयों के अनुसार कार्यक्रम को भव्य और विशाल स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
वीर शहीद मनीराम अहिरवार को सम्मान दिलाने की मांग
कार्यक्रम में अहिरवार समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद वीर मनीराम अहिरवार को उचित सम्मान दिलाने पर भी चर्चा की जाएगी। समाज का कहना है कि जातिगत भेदभाव के कारण उन्हें शहीद का दर्जा नहीं दिया गया, जिससे समाज भावनात्मक रूप से आहत है। कार्यक्रम में सरकार से उन्हें सम्मान दिलाने की आधिकारिक मांग उठाई जाएगी।
अहिरवार समाज के संत मंडला वाले गुरुजी को समर्पित प्रस्ताव
रायसेन स्थित आश्रम से समाज में चेतना जगाने वाले संत मंडला वाले गुरुजी की स्मृति में आश्रम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव भी चर्चा में शामिल होगा। बाबा साहेब की पुण्यतिथि पर इस विषय पर अंतिम निर्णय लिए जाएंगे।
इन गांवों का समाज देगा सहभागिता
सालीचौका, पोड़ार, आड़ेगांव, डुमरिया, खैरुआ, मोपाह, सहावन, डिगसरा, धनोरी, देतपोन सहित पूरी गाडरवारा तहसील एवं जिला नरसिंहपुर के अहिरवार समाज से कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित होने की अपील की गई है।







