गाडरवारा में महिला लापता: शादी समारोह से लौटकर नहीं पहुंची घर, पति ने एसपी से लगाई गुहार
खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर अगवा करने का आरोप, 20 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग

गाडरवारा। नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा क्षेत्र से एक महिला के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पत्नी की जल्द तलाश और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पीड़ित पति का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम तूमड़ा, थाना साईंखेड़ा निवासी घनश्याम नोरिया की पत्नी 7 मई 2026 को गाडरवारा स्थित एक रिसोर्ट गार्डन में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। आरोप है कि समारोह के दौरान कुछ लोगों ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को बेहोश कर दिया और बाद में उसे अगवा कर लिया।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
पीड़ित पति ने शिकायत में कुछ संदिग्ध लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। उनका कहना है कि उनकी पत्नी को सुनियोजित तरीके से गायब किया गया है। उन्होंने थाना गाडरवारा और थाना साईंखेड़ा दोनों जगह शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक किसी भी संदिग्ध से गंभीर पूछताछ नहीं की गई।
घनश्याम नोरिया के मुताबिक घटना को करीब 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन महिला का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले का मुख्य संदिग्ध पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है, बावजूद इसके पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है।
एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
हताश पति ने मंगलवार को नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पत्नी की जल्द तलाश करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर बनी हुई है।







