रिमझिम मौसम में श्रीकृष्ण, बलदाऊ और माता सुभद्रा ने किया नगर विहार
आस्था, उमंग और श्रद्धा के साथ करेली में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

संवाददाता पूजा मालवीय
करेली। नगर में भगवान महाप्रभु जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच हजारों श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण, बलदाऊ (बलराम) एवं माता सुभद्रा के दिव्य रथ के दर्शन करने उमड़ पड़े। पूरे नगर में “जय जगन्नाथ” और “हरे कृष्ण” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रथयात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से भगवान महाप्रभु जगन्नाथ, बलदाऊ और माता सुभद्रा के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी, पुष्प अर्पित किए और रथ की रस्सी खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया। धार्मिक मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में सम्मिलित होकर रथ खींचने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
भव्य रूप से सजे रथ पर विराजमान भगवान के दर्शन के लिए नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया।
रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जहां श्रद्धालु भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की मधुर धुन पर झूमते हुए भगवान के जयकारे लगाते रहे। रिमझिम बारिश ने भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं किया, बल्कि मौसम ने पूरे आयोजन को और अधिक मनोहारी एवं भक्तिमय बना दिया।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से भगवान महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा में सम्मिलित होकर धर्मलाभ अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और मंगल का वास हो।
रथयात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद रहा। आयोजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसकी नगरवासियों ने प्रशंसा की।







