गाडरवारा: मक्का-मदीना की जियारत के लिए रवाना होगा उमरा यात्रियों का जत्था
गाडरवारा से 10 जायरीन जाएंगे मुकद्दस सफर पर, जामा मस्जिद कमेटी ने किया इस्तकबाल

गाडरवारा। मुकद्दस सफर-ए-उमरा के लिए गाडरवारा से जायरीनों का जत्था आज रात गरीब रथ एक्सप्रेस से मक्का-मदीना की जियारत के लिए रवाना होगा। नगर से उमरा यात्रा पर जा रहे जायरीनों को लेकर मुस्लिम समाज में खासा उत्साह और खुशी का माहौल है। रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और समाजजनों द्वारा जायरीनों का इस्तकबाल कर उन्हें मुबारकबाद दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार चावड़ी वार्ड निवासी मरहूम मौसम मिस्त्री के बेटे आशिक हुसैन (आरटीओ), सादिक हुसैन एवं उनकी मम्मी सहित परिवार के सात सदस्य, तथा सेवानिवृत्त शिक्षिका मुमताज खान और उनकी बेटी इस मुकद्दस सफर पर रवाना हो रही हैं।
15 से 20 दिन का रहेगा सफर
हाफिज जुबेर आलम ने बताया कि सभी जायरीन आज रात गरीब रथ एक्सप्रेस से रवाना होंगे। यह यात्रा लगभग 15 से 20 दिनों की रहेगी। जायरीन मक्का शरीफ पहुंचकर उमरा अदा करेंगे तथा मदीना मुनव्वरा में रोजा-ए-रसूल पर हाजिरी देंगे।
उमरा यात्रियों के रवाना होने की खबर से उनके चाहने वालों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। जगह-जगह उनका इस्तकबाल कर सकुशल यात्रा की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
जामा मस्जिद कमेटी ने किया दिली इस्तकबाल
इसी क्रम में जामा मस्जिद कमेटी, गाडरवारा द्वारा सभी उमरा यात्रियों का साफा बांधकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर दिली स्वागत किया गया। इस अवसर पर कमेटी द्वारा मिष्ठान का वितरण भी किया गया।
समाजजनों ने सभी जायरीनों की सकुशल यात्रा तथा उनकी इबादत कबूल होने की दुआ की।
जामा मस्जिद कमेटी के सदर अबरार खान ने कहा, “अल्लाह ताला सभी जायरीनों का सफर आसान फरमाए और उनकी इबादत कबूल फरमाए। यह हमारे शहर के लिए बड़ी खुशी की बात है।”
रेलवे स्टेशन पर होगा भव्य स्वागत
उमरा यात्रियों के रवाना होने के अवसर पर आज रात गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर भी भव्य स्वागत किया जाएगा। जामा मस्जिद कमेटी एवं मुस्लिम समाजजनों ने नगरवासियों से अपील की है कि गरीब रथ एक्सप्रेस से रवाना होने वाले सभी जायरीनों के इस्तकबाल के लिए स्टेशन पहुंचें और उनकी मुकद्दस उमरा यात्रा के लिए दुआएं करें।







