जन्मदिन पर विद्यार्थियों को दिया जा रहा ज्ञान का उपहार, बम्हौरीकलाँ विद्यालय की अनूठी पहल
जन्मदिन पर नैतिक एवं ज्ञानवर्धक साहित्य भेंट कर विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं

गाडरवारा। समीपस्थ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हौरीकलाँ में विद्यार्थियों के जन्मदिन को यादगार और प्रेरणादायी बनाने के लिए एक सराहनीय पहल की जा रही है। विद्यालय परिवार ने जन्मदिन के अवसर पर विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण सत्साहित्य एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंट करने की परंपरा शुरू की है, जिसका उद्देश्य बच्चों में अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करना है।
इसी क्रम में विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 9वीं की छात्रा कु. निकिता मेहरा एवं कक्षा 12वीं की छात्रा कु. वंशिका राजपूत के जन्मदिन पर उन्हें ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साहित्य भेंट किया गया। विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ-साथ सहपाठी विद्यार्थियों ने भी दोनों छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और इस अनूठी पहल की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि जन्मदिन पर उपहार स्वरूप पुस्तकें देने से विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित होती है, साथ ही नैतिक मूल्यों का भी विकास होता है। यह पहल शिक्षा के साथ संस्कारों को भी मजबूत करने का एक सार्थक प्रयास है।







