नरसिंहपुर में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में कलेक्टर कार्यालय के सामने जताया विरोध
नरसिंहपुर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में कलेक्टर कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया।

नरसिंहपुर। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुनीता पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नामांकन निरस्त किए जाने की कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं शहर पदाधिकारियों, ब्लॉक कांग्रेस, मंडलम और सेक्टर पदाधिकारियों के अलावा युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना देकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण के लिए पार्टी भविष्य में भी संघर्ष जारी रखेगी और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।







