मध्य प्रदेश

उदय प्रताप सिंह की पहल से साईंखेड़ा को बड़ी सौगात, 4 नए डीपी ट्रांसफार्मर और 10 लाख से केबल सुधार कार्य शुरू

मंत्री उदय प्रताप सिंह की पहल से नगर की बिजली व्यवस्था होगी मजबूत, खिरका मोहल्ला में नई हैवी केबल लाइन बिछाने का शुभारंभ

साईंखेड़ा। नगर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह की पहल एवं प्रयासों से साईंखेड़ा नगर को बड़ी सौगात मिली है। नगर के विभिन्न वार्डों में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए 4 नए डीपी ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, वहीं विद्युत केबल सुधारीकरण के लिए स्वीकृत 10 लाख रुपये की राशि से कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।

इस योजना के अंतर्गत नगर के वार्ड क्रमांक 1, 5, 8 एवं 15 में नए डीपी ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इन ट्रांसफार्मरों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही ओवरलोडिंग की समस्या का समाधान होगा और नागरिकों को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी।

खिरका मोहल्ला में शुरू हुआ केबल लाइन बिछाने का कार्य

रविवार को वार्ड स्थित खिरका मोहल्ला में नई हैवी विद्युत केबल लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया गया। क्षेत्र के निवासी लंबे समय से जर्जर और पुराने बिजली तारों के कारण परेशान थे। आए दिन तार टूटने की घटनाओं से न केवल बिजली आपूर्ति बाधित होती थी बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।

स्थानीय नागरिकों द्वारा इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इस विषय को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक स्वीकृति दिलाई, जिसके बाद अब केबल लाइन सुधार का कार्य धरातल पर शुरू हो गया है।

बिजली व्यवस्था होगी अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय

नई हैवी केबल लाइन बिछने से बिजली वितरण व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी। साथ ही विद्युत हानि में कमी आएगी और बार-बार होने वाले फाल्ट एवं विद्युत व्यवधानों से भी राहत मिलेगी। नगरवासियों का मानना है कि इस कार्य के पूरा होने के बाद क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी।

पूरे नगर में होगा चरणबद्ध केवलीकरण

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग द्वारा नगर के मुख्य मार्गों और आवश्यकता वाले अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से नवीन केवलीकरण का कार्य किया जाएगा। इससे पूरे नगर की विद्युत व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा और भविष्य में बढ़ती विद्युत मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।

जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों को बताया जनहितकारी

कार्य शुभारंभ के अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन अग्रवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कीरत सिंह पटेल, नगर परिषद सभापति एवं पार्षद ओमप्रकाश पटेल तथा भाजपा कार्यकर्ता मनजीत पटेल उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगरवासियों की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति इसी प्रकार जारी रहेगी।

नागरिकों ने जताया आभार

नगरवासियों ने कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान संभव हो पा रहा है। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी नगर को इसी प्रकार विकास कार्यों की नई सौगातें मिलती रहेंगी और साईंखेड़ा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!