प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस नरसिंहपुर में ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत नशा मुक्ति परिचर्चा आयोजित
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस नरसिंहपुर में एनएसएस द्वारा 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत नशा मुक्ति परिचर्चा आयोजित की गई।

नरसिंहपुर। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नरसिंहपुर में उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) छात्र इकाई द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति परिचर्चा का आयोजन किया गया। यह राज्यव्यापी अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे मध्यप्रदेश में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.बी. सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जी.एस. मर्सकोले एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित कुमार ताम्रकार के मार्गदर्शन में दलनायक दिनेश अग्रवाल के नेतृत्व में किया गया।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अमित कुमार ताम्रकार ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे।
नशा स्वास्थ्य और भविष्य दोनों के लिए घातक
पूर्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जी.एस. मर्सकोले ने अपने उद्बोधन में तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके करियर, शिक्षा और भविष्य को भी बर्बाद कर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
परिचर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर विचार-विमर्श किया गया और युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में एनएसएस के वरिष्ठ स्वयंसेवक हर्षित चौरसिया, मीडिया प्रभारी मोतीलाल कटिया, कोर सदस्य ब्रजेश चौधरी, रूपेश नामदेव, विवेक मेहरा, शालिनी चढ़ार सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश अग्रवाल ने किया।







