मध्य प्रदेश

चीचली को 21.21 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, कबड्डी स्टेडियम के लिए 75 लाख देने की घोषणा

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा– स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को संजोए हुए है चीचली की धरती; मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 20 करोड़ की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाने और पीतल उद्योग को नई पहचान दिलाने विशेष कार्ययोजना तैयार करने की बात कही

गाडरवारा/चीचली। नरसिंहपुर जिले के चीचली में बुधवार को विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के मुख्य आतिथ्य तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र को कुल 21 करोड़ 21 लाख 57 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। इनमें 16 करोड़ 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 4 करोड़ 61 लाख 57 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

कार्यक्रम में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं, चीचली में 20 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय के निर्माण की घोषणा के साथ कबड्डी स्टेडियम के विकास के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा भी प्रमुख आकर्षण रही।

स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को नमन, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुख्य अतिथि मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने संबोधन में चीचली की ऐतिहासिक और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी गौरवशाली विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चीचली की धरती ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस क्षेत्र के बलिदान और देशभक्ति की भावना को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।

उन्होंने शहीद मंशाराम, शहीद श्यामचंद पैगवार एवं शहीद गोरा बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इन वीर सपूतों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मंत्री सारंग ने लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटीआई भवन को क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कबड्डी स्टेडियम के लिए 75 लाख रुपये की घोषणा

चीचली में खेल सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण बताते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कबड्डी स्टेडियम के निर्माण एवं विकास के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मैदान और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। स्टेडियम के विकास से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को आत्मनिर्भर, शक्तिशाली और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिपूर्ण बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

चीचली में 20 करोड़ से बनेगा सांदीपनि विद्यालय : उदय प्रताप सिंह

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने चीचली के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में नई सौगातों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में 200 सांदीपनि विद्यालयों की घोषणा की गई है। इन विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराना है।

इसी क्रम में चीचली में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय का निर्माण किया जाएगा। इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

आईटीआई को एनटीपीसी से जोड़ने के प्रयास, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटीआई परिसर में शैक्षणिक भवन के साथ छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास और स्टाफ के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि आईटीआई को एनटीपीसी से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को एनटीपीसी में इंटर्नशिप और व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर मिल सकें। इससे युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी।

एनटीपीसी की स्थापना के पुराने प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2011-12 में इस परियोजना को लेकर क्षेत्र में आंदोलन और जल सत्याग्रह हुए थे। उस समय उनका प्रयास था कि एनटीपीसी की स्थापना का लाभ केवल गाडरवारा तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को मिले। सामूहिक प्रयासों से यह परियोजना साकार हुई और आज क्षेत्र में औद्योगिक विकास तथा रोजगार की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं।

पीतल उद्योग को नई पहचान दिलाने बनेगी विशेष कार्ययोजना

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने चीचली के पारंपरिक पीतल उद्योग को पुनः मजबूत पहचान दिलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीतल के उत्पादों के निर्माण में चीचली की अपनी विशिष्ट पहचान रही है और इस पारंपरिक उद्योग से अनेक परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है।

उन्होंने जानकारी दी कि पीतल उद्योग से जुड़े 28 लोगों को प्रशिक्षण के लिए मुरादाबाद भेजा गया था। इस विषय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों के कौशल का विकास करना, पारंपरिक उद्योग को नई पहचान दिलाना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा, युवाओं के सपने हो रहे साकार

सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के सपने अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। एक समय यहां रोजगार के सीमित अवसर उपलब्ध थे, लेकिन एनटीपीसी की स्थापना और औद्योगिक विकास के कारण युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं के कौशल विकास, आईटीआई संस्थानों के आधुनिकीकरण और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन

कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद चीचली के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।

लोकार्पित कार्य:

  • वार्ड क्रमांक 5 में 14 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन।
  • मुख्यमंत्री अधोसंरचना शहरी विकास योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत 2 करोड़ रुपये की लागत से पप्पू बड़ारया के धर्मकांटे से बबलू कहार तक सीसी रोड, नाली एवं डिवाइडर निर्माण।
  • 60 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान निर्माण कार्य।

भूमिपूजन किए गए कार्य:

  • वार्ड क्रमांक 1 में 3.96 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट।
  • वार्ड क्रमांक 2 में 18.56 लाख रुपये की लागत से विनीत नामदेव के घर से ज्ञानी बड़ारया होते हुए मुरारी ठेकेदार तक सीसी रोड निर्माण।
  • 16.89 लाख रुपये की लागत से नलकूप से श्रीकांत ताम्रकार के घर तक सड़क मरम्मत कार्य।
  • वार्ड क्रमांक 6 में 15.22 लाख रुपये की लागत से सोवरन साहू के घर से गणेश मंदिर तक सीसी रोड निर्माण।
  • वार्ड क्रमांक 15 में 14.90 लाख रुपये की लागत से श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण, बाउंड्रीवॉल एवं हैंडपंप खनन कार्य।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त है नया आईटीआई परिसर

बाबई-चीचली में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से आईटीआई के नवीन भवन का निर्माण किया गया है। कुल 5163.90 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित इस परिसर में छह ट्रेड के लिए आईटीआई कॉलेज भवन बनाया गया है।

परिसर में विद्यार्थियों की आवासीय सुविधा के लिए 60-60 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास बनाए गए हैं। इसके अलावा एक ई-टाइप, दो एच-टाइप एवं चार आई-टाइप आवासगृहों का निर्माण किया गया है।

संस्थान में आवागमन के लिए 320 मीटर लंबी आंतरिक सीसी रोड तथा 710 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल बनाई गई है। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर एवं 63 केवीए का डीजी सेट भी स्थापित किया गया है। संस्थान में आंतरिक एवं बाहरी विद्युतीकरण की व्यवस्था भी की गई है।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पूर्व विधायक नरेश पाठक, नगर पालिका गाडरवारा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, नगर परिषद साईंखेड़ा अध्यक्ष स्वाति अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव, डॉ. हरगोविंद पटेल, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना, अशोक मार्सकोले, ठाकुर राजीव सिंह, मुकेश मरैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!