मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विभिन्न दुर्गा पंडालों में पहुंचकर किए मां जगदंबा के दर्शन
नवरात्रि पर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की; दुर्गा उत्सव समितियों ने किया आत्मीय स्वागत

गाडरवारा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदय प्रताप सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित दुर्गा पंडालों में पहुंचकर मां जगदंबा की पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने दुर्गा पंडालों में विराजित मां दुर्गा के समक्ष मत्था टेककर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। साथ ही पंडालों में उपस्थित श्रद्धालुओं, दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों और भक्तों से आत्मीय मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मां जगदंबा की आराधना शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक : उदय प्रताप सिंह
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की उपासना, आस्था और भक्ति का पावन पर्व है। मां जगदंबा की आराधना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और सेवा की भावना को बल मिलता है।
उन्होंने मां दुर्गा से समस्त क्षेत्रवासियों और देशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की मंगलकामना की। मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मां जगदंबा के आशीर्वाद से गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे और क्षेत्र प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा।
दुर्गा उत्सव समितियों ने किया स्वागत
मंत्री उदय प्रताप सिंह के दुर्गा पंडालों में पहुंचने पर विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने पुष्पमालाओं और चुनरी ओढ़ाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। नवरात्रि के अवसर पर पंडालों में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







