Gadarwara News: प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर आज छिड़ाव घाट पर दीप उत्सव, नगर पालिका ने की तैयारियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित होगा दीप उत्सव, नगर पालिका अध्यक्ष ने नागरिकों से की सहभागिता की अपील

गाडरवारा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गाडरवारा नगर पालिका परिषद द्वारा आज शाम छिड़ाव घाट पर दीप उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर नगर पालिका द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
दीप उत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष शिवकांत मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी प्रगति वर्मा, तहसीलदार प्रियंका नेताम एवं नगर पालिका सीएमओ रितु मेहरा ने छिड़ाव घाट पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दीप उत्सव के दौरान प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर पालिका अध्यक्ष शिवकांत मिश्रा ने नगर के समस्त नागरिकों से दीप उत्सव में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।







