पर्यूषण महापर्व में श्रीदेव शांतिनाथ जैन मंदिर पहुंचे मंत्री उदय प्रताप सिंह, भगवान महावीर के जन्म कल्याणक पर हुए भव्य आयोजन

गाडरवारा। नगर के स्टेट बैंक के पास स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक श्रीदेव शांतिनाथ जैन मंदिर में पर्वाधिराज पर्यूषण महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पर्व के दौरान जैन समाज के साथ नगर के विभिन्न वर्गों के श्रद्धालु भी धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
पर्यूषण महापर्व के पांचवें दिवस मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। प्रातःकाल भगवान महावीर स्वामी के जन्म की वांचना एवं जन्म कल्याणक की कथा का वाचन किया गया। धर्मसभा में मुनिश्री ने भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र और उनके महान सिद्धांतों अहिंसा, सत्य एवं अपरिग्रह पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
14 दिव्य स्वप्नों की मनोरम झांकी ने मोहा मन
रात्रि में मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। भगवान महावीर स्वामी के नन्हे बाल स्वरूप के पालने के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं को कराए गए। भगवान महावीर के जन्म से पूर्व माता त्रिशला देवी द्वारा देखे गए 14 दिव्य एवं मंगलकारी स्वप्नों की आकर्षक झांकी भी सजाई गई।
झांकी में हाथी, वृषभ, सिंह, लक्ष्मी, पुष्पमाला, चंद्रमा, सूर्य, ध्वजा, कलश, पद्म सरोवर, क्षीर सागर, देव विमान, रत्नों का ढेर एवं निष्कूम अग्नि सहित 14 स्वप्नों को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया गया। श्रद्धालुओं ने इन दिव्य झांकियों के दर्शन कर धर्मलाभ लिया और भगवान महावीर के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। पालना झुलाने के दौरान मंदिर परिसर भगवान महावीर के जयकारों से गूंज उठा।
मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किए श्रीदेव शांतिनाथ जी के दर्शन
संध्या आरती के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह विशेष रूप से श्रीदेव शांतिनाथ जैन मंदिर पहुंचे। मंत्री श्री सिंह ने भगवान श्रीदेव शांतिनाथ जी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश एवं क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर जैन समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा मंत्री उदय प्रताप सिंह का आत्मीय स्वागत किया गया।
भक्ति भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु
पर्यूषण महापर्व के अवसर पर आयोजित रात्रि जागरण में जबलपुर के सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रशांत जैन एवं साथी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां दीं। “महावीर तेरा दरबार” और “झूलो-झूलो महावीर” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन होकर झूमते रहे।
मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता की और पूजा-अर्चना के साथ भक्ति संगीत का आनंद लिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा मंदिर परिसर भगवान महावीर के जयकारों से गूंजता रहा।
आयोजन समिति ने जताया आभार
आयोजन को सफल बनाने में डागा परिवार सहित जैन समाज के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति से जुड़े ज्ञान डागा, मिनेन्द्र डागा, अनिल लूनावत सहित जैन समाज ने मंदिर में पहुंचे सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।







