गाडरवारा में आवारा और बेसहारा कुत्तों की होगी नसबंदी, नगर पालिका जल्द चलाएगी विशेष अभियान
गाडरवारा नगर पालिका आवारा और बेसहारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए नसबंदी अभियान शुरू करेगी। नागरिकों से पालतू पशुओं को आवारा न छोड़ने की अपील।

गाडरवारा। शहर में आवारा और बेसहारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए नगर पालिका परिषद ने विशेष नसबंदी अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह अभियान संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशों के पालन में शुरू किया जाएगा।
नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) रितु मेहरा ने बताया कि शहर में बड़ी संख्या में घूम रहे आवारा कुत्तों से लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए पशु चिकित्सालय की टीम के सहयोग से आवारा एवं बेसहारा कुत्तों तथा अन्य पशुओं की नसबंदी की जाएगी, ताकि उनकी जनसंख्या नियंत्रित की जा सके।
सीएमओ ने नागरिकों से अपील की है कि जिनके पास पालतू पशु हैं, वे उन्हें अपने घर या परिसर में सुरक्षित रखें और उन्हें आवारा न छोड़ें। यदि कोई पशुपालक अपने पालतू पशु को खुले में छोड़ता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित पशुपालक की होगी।
नगर पालिका एवं पशु चिकित्सालय की संयुक्त टीम शीघ्र ही शहर में अभियान शुरू करेगी। इस टीम में अजय वाल्मीक, विवेक, अभिषेक, नीरज, अभिनव और अनिकेत शामिल रहेंगे, जो नगर में आवारा एवं बेसहारा कुत्तों और अन्य पशुओं की नसबंदी का कार्य करेंगे।







