चीचली में सेन समाज संगठन की बैठक संपन्न, सागर में होने वाले सेन महाकुंभ को सफल बनाने पर हुआ विचार-विमर्श

गाडरवारा। चीचली नगर परिषद क्षेत्र स्थित बाबा मैरिज गार्डन में सेन समाज संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आगामी 1 फरवरी को सागर में आयोजित सेन महाकुंभ एवं भारतरत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में होने वाले सेन सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर संपन्न हुई।
बैठक में सेन समाज संगठन के जिला प्रभारी अभिषेक सराठे विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सागर में होने वाले सेन समाज के इस भव्य आयोजन में समाज के अधिक से अधिक लोगों को पहुंचकर सामाजिक एकता और संगठन की शक्ति का परिचय देना चाहिए।

अभिषेक सराठे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सेनाचार्य श्री श्री श्री अचलानंद जी गिरि महाराज, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। इसके अलावा सागर सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र जैन, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, सागर महापौर संगीता सुशील तिवारी, भाजपा सागर जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में उपस्थिति देंगे।

बैठक के दौरान सेन समाज संगठन के जिला उपाध्यक्ष विनीत सराठे, जिला मंत्री शेखर सराठे, चीचली नगर अध्यक्ष आकाश सराठे एवं ग्रामीण विकास अध्यक्ष विनोद श्रीवास ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने समाज द्वारा रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देने और सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर चीचली नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सेन समाज के बंधु उपस्थित रहे। बैठक में सागर महाकुंभ को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया गया।







