अधिकारी नहीं पहुंचे तो कुत्ते को सौंप दिया ज्ञापन, कांग्रेस का अनोखा विरोध चर्चा में
शहडोल के ब्यौहारी में नगर परिषद घेराव के दौरान दिखा अनोखा प्रदर्शन, प्रशासन पर लगाए उपेक्षा के आरोप

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी नगर परिषद क्षेत्र में गुरुवार को कांग्रेस का एक अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। नगर परिषद में व्याप्त समस्याओं, अव्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान जब ज्ञापन लेने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध के अनोखे अंदाज में एक कुत्ते को प्रतीकात्मक रूप से ज्ञापन सौंप दिया।
13 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यौहारी द्वारा नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर 13 सूत्रीय मांगपत्र तैयार किया गया था। इन मांगों के समर्थन में आयोजित आमसभा और प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
अधिकारियों का इंतजार करते रहे कार्यकर्ता
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आयुष ताम्रकार ने बताया कि प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपने के लिए तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का लंबे समय तक इंतजार किया गया, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के सामने धरना देते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है और लगातार उपेक्षा का रवैया अपना रहा है।
कुत्ते को सौंपा गया प्रतीकात्मक ज्ञापन
प्रदर्शन से पहले ही कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी थी कि यदि ज्ञापन लेने कोई अधिकारी नहीं पहुंचेगा तो वे विरोध स्वरूप किसी आवारा कुत्ते को ज्ञापन सौंपेंगे।

काफी देर तक इंतजार के बाद भी जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आयुष ताम्रकार एक कुत्ते को लेकर पहुंचे और उसे प्रतीकात्मक रूप से ज्ञापन सौंप दिया। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यह घटना चर्चा का विषय बन गई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सत्येंद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता और जनसमस्याओं की अनदेखी के कारण उन्हें यह प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर परिषद क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
कार्यक्रम में जिला संगठन महासचिव विनोद ताम्रकार, हरिमोहन तिवारी, लाल बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







