‘ऑपरेशन शिकंजा’ की बड़ी सफलता: नरसिंहपुर पुलिस ने 3 शातिर नकबजनों को दबोचा, 9 बड़ी चोरियों का खुलासा, 28 लाख का माल बरामद
गाडरवारा और सुआतला क्षेत्र में हुई 9 चोरी की वारदातों का नरसिंहपुर पुलिस ने खुलासा किया। 3 शातिर नकबजन गिरफ्तार, करीब 28 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और वाहन बरामद। एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई।

गाडरवारा/नरसिंहपुर। जिले में लगातार बढ़ रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान “ऑपरेशन शिकंजा” अब असर दिखाने लगा है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस ने 3 शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर करीब 28 लाख रुपये कीमत का चोरी गया मशरूका और वाहन बरामद किया है। इस बड़ी कार्रवाई से गाडरवारा, सुआतला, करेली और आसपास के क्षेत्रों में हुई कुल 9 चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग, रात्रि गश्त, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी के चलते पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है।
आनंद विहार कॉलोनी चोरी का खुलासा, 17 लाख के जेवर बरामद
गत 5 मई 2026 को गाडरवारा की आनंद विहार कॉलोनी में एक सूने मकान में बड़ी चोरी हुई थी। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था और लोगों ने पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गाडरवारा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन गाडरवारा के पास एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजकुमार उर्फ राकेश उर्फ रक्कू दुबे निवासी ग्राम सुना, थाना महाराजपुर जिला सागर बताया।
शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने आनंद विहार कॉलोनी के सूने मकान में चोरी कर माल को अमरशांति कॉलोनी की झाड़ियों में छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया।
बरामद किए गए कीमती जेवर
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 17 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—
- सोने के 4 कंगन
- 1 सोने का हार
- 3 मंगलसूत्र
- 2 जोड़ी झुमकी
- 1 जोड़ी टॉप्स
- 1 सोने की चेन
- 1 मांगटीका
- 2 अंगूठियां
- 1 पांचाली
- चांदी की पायल
- करीब 200 चांदी की अंगूठियां
पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी करता था और वारदात के बाद माल को अलग-अलग स्थानों पर छिपा देता था।
आरोपी ने कबूली कई अन्य चोरियां
पूछताछ के दौरान आरोपी राजकुमार दुबे ने केवल गाडरवारा ही नहीं बल्कि करेली, सिहोरा और आसपास के क्षेत्रों में भी कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने पान दुकान में चोरी और दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं भी कबूल की हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, गृहभेदन, मारपीट, आर्म्स एक्ट और आबकारी एक्ट के प्रकरण शामिल हैं। आरोपी लंबे समय से विभिन्न जिलों में सक्रिय था।
सुआतला पुलिस ने मंदिर चोरी सहित 2 वारदातों का किया खुलासा
थाना सुआतला पुलिस को भी बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने बरमान कला स्थित हनुमान मंदिर और ग्राम लोलरी के एक सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
- सुंदर जाटव निवासी बारहा छोटा
- टीकाराम चौधरी निवासी बारहा बड़ा
के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने मंदिर और मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 11 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया।
मंदिर से चोरी हुआ सामान भी मिला
पुलिस ने आरोपियों के पास से—
- भगवान का चांदी का छत्र
- चांदी का मुकुट
- सोने-चांदी के जेवर
- चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल
बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी धार्मिक स्थलों और सूने मकानों को निशाना बनाते थे। रात के समय रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे।
अंतरजिला चोर गिरोह का खुलासा
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सुंदर जाटव एक आदतन और अंतरजिला नकबजन है। उसके खिलाफ नरसिंहपुर के अलावा जबलपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम और रायसेन जिलों में भी चोरी और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य जिलों की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि गिरोह ने कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे ऑपरेशन में सराहनीय भूमिका थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान, चौकी प्रभारी सिहोरा उप निरीक्षक विजयपाल सिंह,उप निरीक्षक अर्जुन सिंह बघेल, अंकित रावत, गजराज सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक रामगोपाल सिंह राजपूत,परमानंद,अनुराग झारिया, आरक्षक रूपेन्द्र चौबे, विश्वजीत सिंह, बालकृष्ण रघुवंशी, सुजीत बागरी, शिवम पटेल, दीपक राजपूत, ऐश्वर्य वेंकट, उत्तम उचाड़िया, सौरभ मिश्रा, हरिशंकर, अक्षय श्रीवास्तव, सृजल भार्गव, यश मेहरा, शुभम चौधरी, प्रदीप गुप्ता एवं चैाकी प्रभारी बरमान उप निरीक्षकआशीष बोपचे, प्रआर रंजीत पटैल, प्रआर रामशरण, प्रधान आरक्षक नरेंद्र, आरक्षक हसन रजा, आरक्षक आशीष आरक्षक अनुराग व सैनिक गजराज की विशेष सराहनीय भूमिका रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों और समाजकंटकों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।







