मंडीदीप में देवी पुराण कथा: आचार्य नरेन्द्र शास्त्री ने सुनाई भगवती नाम की अद्भुत महिमा

संवाददाता सम्राट अंकित कुशवाहा
मंडीदीप। वार्ड क्रमांक 1 में आयोजित नौ दिवसीय देवी पुराण कथा में आचार्य नरेन्द्र शास्त्री ने भगवती के नाम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि माता का स्मरण मात्र भी व्यक्ति के जीवन को बदल सकता है। कथा में उन्होंने कौशल देश के एक मूर्ख ब्राह्मण की कथा सुनाई, जिसने सत्य बोलने का संकल्प लिया था। एक दिन घायल सूअर के बारे में पूछने आए व्याध को ब्राह्मण ने बुद्धिमत्ता से उत्तर दिया। इसी दौरान उसके मुख से अनजाने में भगवती का बीज मंत्र निकल गया, जिससे प्रसन्न होकर माता ने उसे दुर्लभ विद्या का आशीर्वाद दिया। आगे चलकर वही ब्राह्मण सत्यव्रत नाम से प्रसिद्ध हुआ।
आचार्य शास्त्री ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अनजाने में भी भगवती का नाम लेता है तो माता उसकी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। कथा के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे से 12 बजे तक राजराजेश्वरी सहस्त्रार्चन भी कराया जा रहा है। कथा में रंभ-क्रम्भ, महिषासुर जन्म और महिषासुर वध सहित भगवती के विभिन्न चरित्रों का वर्णन किया गया। आगामी कथा में शुम्भ-निशुम्भ, चंड-मुंड वध और रक्तबीज वध की कथाएं सुनाई जाएंगी। देवी पुराण कथा सुनने के लिए नगर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर है।







