प्यार, पैसे और धोखे की खौफनाक कहानी: 16 साल में शादी… फिर दो प्रेमियों के बीच उलझी जिंदगी और 900 KM दूर बुलाकर करा दिया कत्ल
इंस्टाग्राम की चमक, करोड़ों की दौलत और एक ऐसा अंत… जिसने पुलिस को भी चौंका दिया

गाडरवारा/रायसेन/नरसिंहपुर।
यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगती है, लेकिन इसका हर किरदार असली है… हर मोड़ सच्चा है… और अंत इतना खौफनाक कि जिसने पुलिस अफसरों तक को हैरान कर दिया।
एक लड़की… जिसने बचपन में ही मां-बाप खो दिए।
16 साल की उम्र में बदनामी के डर से शादी कर दी गई।
फिर जिंदगी में लौटा बचपन का प्यार… जिसने उसे करोड़ों की दौलत, सोना, मकान और लग्जरी लाइफ दी।
लेकिन सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक नई मोहब्बत ने पूरी कहानी को खून, धोखे और साजिश में बदल दिया।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा रायसेन पुलिस ने किया है।
40 फीट गहरी खाई में मिली सड़ी-गली लाश
7 मई को रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र स्थित नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे एक युवक की सड़ी-गली लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा पहचानना मुश्किल था।
हाथ-पैर बंधे हुए थे।
मुंह पर टेप चिपकी थी।
शव को बोरी में पैक कर गहरी खाई में फेंका गया था।
पुलिस के सामने यह पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था।
लेकिन एक छोटी सी नोटबुक ने पूरी कहानी पलट दी…

नोटबुक बनी सबसे बड़ा सुराग
घटनास्थल से मिले बैग में एक नोटबुक मिली।
उस पर एक कोचिंग टीचर के साइन थे।
पुलिस साईंखेड़ा जिला नरसिंहपुर पहुंची और शिक्षक से पूछताछ की।
शिक्षक ने बताया कि कॉपी उनके 10 साल के छात्र की है।
यहीं से पुलिस की जांच रीना पटेल तक पहुंच गई।
गर्भ में थी तभी पिता की मौत… फिर मां ने भी छोड़ दिया
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला रीना पटेल की जिंदगी बचपन से ही दर्द से भरी रही।
जब वह मां के गर्भ में थी, तभी उसके पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई।
कुछ महीनों बाद मां दूसरी शादी कर राजस्थान चली गई और बाद में आत्महत्या कर ली।
मां-बाप का साया छिनने के बाद रीना की परवरिश उसकी मौसी ने की।
16 साल में शादी… लेकिन बचपन का प्यार नहीं भूली

किशोरावस्था में गांव के अरुण पटेल से उसकी नजदीकियां बढ़ीं।
परिवार ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया।
बदनामी के डर से 16 साल की उम्र में रीना की शादी कर दी गई।
करीब 13 साल तक वह पति के साथ रही।
एक बेटा भी हुआ।
लेकिन समय के साथ पति से अलग होकर साईंखेड़ा में किराए के मकान में रहने लगी।
और यहीं उसकी जिंदगी में फिर लौटा बचपन का प्रेमी अरुण पटेल…
करोड़ों की दौलत, सोना, कार और लग्जरी लाइफ
पुलिस के मुताबिक अरुण रीना पर इस कदर फिदा था कि उसने कथित तौर पर:
- करीब 1 करोड़ रुपए की एफडी कराई
- 50 लाख रुपए का मकान दिलाया
- आधा किलो सोना दिया
- महंगी कार खरीदी
- आईफोन और लग्जरी लाइफ दी
अरुण एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था और उसके पास पुश्तैनी संपत्ति भी थी।
रीना की जिंदगी अब सोशल मीडिया की चमक से भर चुकी थी।
इंस्टाग्राम रील्स से शुरू हुई दूसरी मोहब्बत

रीना इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लगातार रील्स पोस्ट करती थी।
महंगे कपड़े, गहने, कारें और लग्जरी लाइफ उसके सोशल मीडिया पर दिखने लगी।
यहीं से राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी वीरू उर्फ पप्पू जाट उसकी जिंदगी में आया।
लाइक…
कमेंट…
चैट…
और फिर प्यार…
वीरू का मध्यप्रदेश में रेत कारोबार से जुड़ा काम था, इसलिए उसका नरसिंहपुर आना-जाना रहता था।
जब भी वह आता, रीना से मिलने पहुंचता।
लेकिन यही रिश्ता आगे चलकर मौत की वजह बन गया।
जब दो प्रेमियों के बीच शुरू हुई दुश्मनी
करीब दो साल पहले अरुण को रीना और वीरू के रिश्ते की जानकारी मिल गई।
इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे।
एक बार हुई मारपीट में अरुण के कान का पर्दा तक फट गया।
यहीं से वीरू को रास्ते से हटाने की साजिश तैयार हुई।
घर बुलाया… फिर बेसबॉल बैट से मौत
29 अप्रैल को रीना ने वीरू को मिलने के बहाने घर बुलाया।
घर में पहले से अरुण पटेल और उसका साथी हरनाम किरार मौजूद थे।
जैसे ही वीरू पहुंचा, तीनों ने मिलकर उस पर बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सिर पर कई वार किए गए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
खून साफ किया… शव बोरी में पैक कर फेंका
हत्या के बाद आरोपियों ने घर में फैला खून साफ किया।
फिर शव के हाथ-पैर बांधे गए।
मुंह पर टेप लगाई गई।
शव को प्लास्टिक और कंबल में लपेटकर बोरी में भरा गया।
इसके बाद करीब 200 किलोमीटर दूर रायसेन जिले के नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे 40 फीट गहरी खाई में फेंक दिया गया।
7 दिन तक शव वहीं पड़ा रहा।
हत्या के बाद उज्जैन-मुंबई घूमते रहे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी सामान्य जिंदगी जीते रहे।
रीना और अरुण उज्जैन और मुंबई तक घूमने चले गए, ताकि किसी को शक न हो।
लेकिन मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों ने आखिरकार उन्हें पकड़वा दिया।
पुलिस ने उज्जैन के एक होटल से रीना पटेल, अरुण पटेल और उनके साथी हरनाम किरार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने खोली प्यार, पैसे और लालच की परतें

एसपी आशुतोष गुप्ता के मुताबिक यह मामला सिर्फ प्रेम संबंधों का नहीं, बल्कि पैसे, लग्जरी लाइफ और विश्वासघात का खतरनाक मिश्रण बन चुका था।
एक महिला…
दो प्रेमी…
करोड़ों की दौलत…
सोशल मीडिया की चमक…
और अंत में एक बेरहमी से की गई हत्या…
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे मध्यप्रदेश को हिलाकर रख दिया है।







