शिक्षा/नौकरी

द्वितीय क्रमोन्नति को लेकर शिक्षकों की बड़ी पहल: शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह से मिले, एक सप्ताह में आदेश का आश्वासन

गाडरवारा में शिक्षकों ने द्वितीय क्रमोन्नति को लेकर शिक्षा मंत्री राव उदयप्रताप सिंह से मुलाकात की। मंत्री ने एक सप्ताह में आदेश जारी करने के निर्देश दिए।

गाडरवारा (नरसिंहपुर)। द्वितीय क्रमोन्नति से वंचित शिक्षकों की समस्या को लेकर राज्य शिक्षक संघ ने सक्रिय पहल करते हुए प्रदेश के शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात की। इस दौरान जबलपुर संभाग के शिक्षकों ने अपनी समस्या विस्तार से रखी, जिस पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।

24 साल सेवा के बाद भी नहीं मिला लाभ

राज्य शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष नगेन्द्र त्रिपाठी और मीडिया प्रभारी सियाराम पटेल के नेतृत्व में शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल गाडरवारा स्थित मंत्री निवास पहुंचा। उन्होंने बताया कि जबलपुर संभाग के 369 माध्यमिक शिक्षक, जिन्होंने 24 वर्ष की सेवा पूर्ण कर ली है, उन्हें अब तक द्वितीय क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ नहीं मिला है।

जूनियर से कम हो गया वेतन

शिक्षकों ने बताया कि प्रदेश के अन्य संभागों में यह लाभ पहले ही दिया जा चुका है, लेकिन जबलपुर संभाग में लंबित होने के कारण कई शिक्षकों का वेतन उनके जूनियर शिक्षकों से भी कम हो गया है। इस विसंगति के चलते शिक्षकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मंत्री ने दिए त्वरित निर्देश

शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने शिक्षकों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही जबलपुर संभाग के जेडी अरुण इंगले को दूरभाष पर निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर क्रमोन्नति के आदेश जारी किए जाएं।

संघ ने जताया आभार

इस अवसर पर राज्य शिक्षक संघ के वेणी शंकर पटेल, मलखान सिंह मेहरा, विजेंद्र पटेल, सोमनाथ बसेड़िया, आनंद चौकसे, रामनारायण उपाध्याय, के.के. राजोरिया सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे। समस्या के त्वरित निराकरण के आश्वासन पर संघ ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!