इटारसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6.45 लाख की अवैध शराब जब्त, कार समेत 241 लीटर शराब पकड़ी
नर्मदापुरम के इटारसी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से 241.200 लीटर अवैध शराब और 6.45 लाख का मशरुका जब्त किया। तीन आरोपी मामले में शामिल।

संवाददाता सनी लालवानी
इटारसी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इटारसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार से 241.200 लीटर अवैध देसी-विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब और वाहन सहित कुल 6 लाख 45 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की टाटा कार में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर बैतूल मार्ग से इटारसी खपाने लाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशन में थाना इटारसी पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर पथरोटा पुलिया के पास घेराबंदी की।
पुलिस देखकर भागने की कोशिश, घेरकर पकड़ी कार
इसी दौरान सफेद रंग की कार क्रमांक MP 04 CW 0952 इटारसी की ओर आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को घाटली मार्ग के कच्चे रास्ते की ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया।
26 पेटियों में मिली देसी-विदेशी शराब
कार चालक ने अपना नाम अब्दुल जाहिद अंसारी (32) निवासी भाट मोहल्ला इटारसी तथा साथ बैठे व्यक्ति ने हेमंत राजपूत (54) निवासी गांधी नगर इटारसी बताया।
वाहन की तलाशी में 26 पेटियां देसी और विदेशी शराब की बरामद हुईं, जिनमें कुल 241.200 लीटर शराब पाई गई।
पुलिस ने शराब और वाहन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपियों ने जब्त शराब संदीप मिहानी निवासी भाट मोहल्ला इटारसी की होना बताया है, जिसे मामले में आरोपी बनाया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इनकी रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव बुंदेला, उनि विपिन पाल, प्रधान आरक्षक मनमोहन अहिरवार, रामनारायण, महेन्द्र गुर्जर, साकिर, बसंत, अनिल पाल और अंकित गौर की सराहनीय भूमिका रही।







