करेली में गुड़ व्यापारी के ऑफिस में घुसा सूअर, मची अफरा-तफरी, बच्ची बाल-बाल बची
करेली नगर में गुड़ व्यापारी के ऑफिस में अचानक सूअर घुसने से अफरा-तफरी मच गई। सड़क से गुजर रही बच्ची बाल-बाल बची, लोगों ने नगर प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण की मांग की।

संवाददाता पूजा मालवीय करेली
नरसिंहपुर।
नरसिंहपुर जिले के करेली नगर में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आवारा सूअर गुड़ व्यापारी के ऑफिस में घुस गया। अचानक हुई इस घटना से ऑफिस में मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूअर तेज़ी से सड़क पर दौड़ता हुआ सीधे ऑफिस के अंदर घुस गया। इसी दौरान ऑफिस के बाहर सड़क से गुजर रही एक छोटी बच्ची सूअर की चपेट में आने से बाल-बाल बची, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कुछ समय तक ऑफिस और आसपास हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से सूअर को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन लोगों में डर साफ नजर आया।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े करते हुए आवारा पशुओं पर नियंत्रण की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं किसी बड़े हादसे में बदल सकती हैं।







