क्राइममध्य प्रदेश

अंधविश्वास के नाम पर महिला से अमानवीयता: बाबा समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, चुड़ैल बताकर कमरे में किया बंद, लोहे की सांकल से पीटा और जलते कंडे से हथेली जलाई

झाबुआ में अंधविश्वास के नाम पर महिला को चुड़ैल बताकर पीटने और जलते कंडे से हाथ जलाने के मामले में बाबा समेत 4 आरोपी गिरफ्तार।

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी

झाबुआ/रायपुरिया। अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर एक 52 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार करने का गंभीर मामला सामने आया है। बीमारी के इलाज के नाम पर महिला को झाड़-फूंक कराने के लिए बाबा के पास ले जाया गया था, जहां आरोपियों ने महिला के शरीर में चुड़ैल होने की बात कहकर उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसके साथ थप्पड़-मुक्कों और लोहे की सांकल से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, महिला की हथेली पर जलता हुआ कंडा रखकर उसे जला दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झाड़-फूंक करने वाले बाबा सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बीमारी के उपचार के लिए बाबा के पास ले गए थे

पुलिस के अनुसार, दिनांक 8 सितंबर 2026 को ग्राम गाडियादग्गड़ निवासी प्रेमबाई (52 वर्ष) की तबीयत खराब होने पर उनके पति गजानंद उन्हें उपचार एवं झाड़-फूंक के लिए ग्राम भेरुपाड़ा स्थित लक्ष्मण निनामा के पास लेकर गए थे।

आरोप है कि झाड़-फूंक करने वाले लक्ष्मण पिता रालिया निनामा और उसके तीन साथियों ने महिला के शरीर में चुड़ैल होने की बात कही। इसके बाद महिला को एक कमरे में बंद कर दिया गया।

थप्पड़-मुक्कों से मारपीट, सांकल से पीटा

पुलिस के मुताबिक, कमरे में बंद करने के बाद आरोपियों ने महिला के साथ कथित रूप से थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और लोहे की सांकल से भी पीटा। आरोपियों ने कथित झाड़-फूंक के नाम पर महिला के हाथ पर जलता हुआ कंडा रख दिया, जिससे उसकी हथेली जल गई।

घटना के बाद महिला का उपचार सीएचसी धामनोद में कराया गया।

शून्य पर FIR के बाद रायपुरिया थाने में दर्ज हुआ मामला

घटना के संबंध में थाना धामनोद पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 118(1), 127(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत शून्य पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

शून्य की एफआईआर थाना रायपुरिया प्राप्त होने के बाद अपराध क्रमांक 289/2026 में उक्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस ने बनाई संयुक्त टीम, चारों आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में एसडीओपी सुश्री अनुरक्ति साबनानी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना रायपुरिया एवं चौकी झकनावदा की संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई।

पीड़िता के कथन दर्ज करने के लिए पुलिस टीम को तत्काल धामनोद भी रवाना किया गया।

इसी क्रम में चौकी प्रभारी झकनावदा श्री सुरेंद्र सिंह सिसौदिया एवं थाना रायपुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में—

  1. लक्ष्मण पिता रालु निनामा, निवासी ग्राम भेरुपाड़ा
  2. कमलेश पिता लक्ष्मण निनामा, निवासी ग्राम भेरुपाड़ा
  3. बहादुर पिता अंबाराम निनामा, निवासी ग्राम भानगढ़, थाना सरदारपुर
  4. दिनेश पिता बंशी भाबर, निवासी ग्राम बंधव, थाना मनावर

शामिल हैं।

पूछताछ में घटना करना स्वीकार करने का पुलिस का दावा

पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी एवं झाड़-फूंक करने वाले लक्ष्मण निनामा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।

मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

अंधविश्वास के खिलाफ झाबुआ पुलिस की अपील

झाबुआ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बीमारी या किसी अन्य समस्या के उपचार के लिए अंधविश्वास, झाड़-फूंक अथवा तथाकथित तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी भी प्रकार के अमानवीय कृत्य का सहारा न लें। यदि किसी व्यक्ति के साथ इस प्रकार की घटना होती है या ऐसी कोई जानकारी सामने आती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!