गाडरवारा में रेत ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना
गाडरवारा के कालदाऊ घाट रेत खदान क्षेत्र में हारो बाई अहिरवार की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने धरना दिया। प्रशासन ने मृतका के परिजनों को 3 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की।

गाडरवारा/चीचली। चीचली ब्लॉक क्षेत्र के कालदाऊ घाट स्थित रेत खदान में एक दर्दनाक हादसे में बंदरबरू निवासी महिला हारो बाई अहिरवार की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और कांग्रेस नेताओं व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंदरबरू निवासी हारो बाई अहिरवार की कथित तौर पर रेत खदान क्षेत्र में एक रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ समाजसेवी सुरेन्द्र सिंह पटेल (मंझले भैया), चीचली नगर परिषद अध्यक्ष बबलू सिंघानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरजाशंकर पगुआ, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष छोटे राजा कौरव, ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष सत्यनारायण मुकदम, जिला युवा कांग्रेस महासचिव भूपेंद्र कौरव, बलराम ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक घटनास्थल पर पहुंच गए।
कांग्रेस नेताओं एवं ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग को लेकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मृतक महिला के परिवार को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की।
धरना स्थल पर हुई चर्चा और प्रशासन से बातचीत के बाद मृतका के परिजनों को तीन लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने पर सहमति बनी। प्रशासन द्वारा सहायता राशि स्वीकृत किए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल लगातार शोक संतप्त परिवार के संपर्क में रहीं और उन्होंने परिजनों को हर संभव सहयोग एवं सांत्वना देने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में अवैध खनन और इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल के नेतृत्व में चीचली नगर में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
हालांकि, घटना के संबंध में अवैध खनन एवं अन्य आरोपों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन द्वारा नहीं की गई है। पुलिस एवं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।







