नरसिंहपुर में दर्दनाक हादसा: हाथीनाला वॉटरफॉल से लौट रहे दोस्तों को हाईवा ने कुचला, 4 की मौत; 2 की हालत गंभीर
जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर दर्दनाक हादसा, सेल्फी लेते समय तेज रफ्तार हाईवा ने मारी टक्कर

नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (NH-45) पर तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से 6 दोस्त उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी युवक नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे। पिकनिक मनाकर लौटते समय इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुककर सेल्फी ले रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी।
हाईवे किनारे सेल्फी लेना पड़ा भारी
स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 से 6 बजे सभी दोस्त हाईवे किनारे वाहन रोककर फोटो और सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
चार युवकों की मौत, दो का इलाज जारी
पुलिस के अनुसार हादसे में जबलपुर के पावला निवासी राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी (20 वर्ष), रामपाल सिंह लोधी (21 वर्ष) तथा बरबटी निवासी जयपाल सिंह लोधी (30 वर्ष) की मौत हो गई।
वहीं आकाश सिंह लोधी (24 वर्ष) और नीरज सिंह लोधी (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का उपचार जारी है।
एक की मौके पर मौत, तीन ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में राजेंद्र पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में तीन अन्य युवकों ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क किनारे रुककर सेल्फी लेने और तेज रफ्तार वाहनों के बीच लापरवाही के खतरों की याद दिलाता है।







