करेली में पुलिस का कड़ा एक्शन: तलवार-चाकू लेकर घूमने वालों की निकाली परेड, भेजे गए जेल

संवाददाता पूजा मालवीय
करेली। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने और आम लोगों में भय का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ करेली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना पुलिस ने विशेष चेकिंग एवं धरपकड़ अभियान चलाकर हथियार लेकर घूम रहे कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार अभिषेक जाटव के पास से एक तलवार, जबकि अरबाज के कब्जे से चाकू जब्त किया गया है। वहीं आरोपी विक्रांत का नाम पूर्व में हुई चाकूबाजी की घटनाओं से भी जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
मुख्य मार्गों से निकाली आरोपियों की परेड
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों की शहर के प्रमुख मार्गों से परेड निकाली। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना बताया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विशेष रूप से हथियार लेकर घूमने, दहशत फैलाने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस की निगरानी बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







