मां नर्मदा परमार्थ समाज सेवी संस्था की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न, नर्मदा संरक्षण का लिया संकल्प
मंत्री राव उदय प्रताप सिंह बोले—मां नर्मदा को बचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी

गाडरवारा। मां नर्मदा परमार्थ समाज सेवी संस्था की प्रदेश स्तरीय बैठक विगत दिवस श्री आचार्य राजमहल, गाडरवारा में महंत श्री बालकदास महाराज की उपस्थिति में आयोजित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त तथा संस्था के प्रदेश संरक्षक सदस्य तपन भौमिक ने की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं प्रदेश संरक्षक सदस्य नरेश पाठक, पूर्व विधायक रामकिशन पटेल, संस्था के प्रदेश अध्यक्ष श्रवण पटेल, प्रदेश महामंत्री भैया जी रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान जेत, प्रदेश मंत्री एवं बैठक के सह प्रभारी ठाकुर धर्मपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहरकांत पटेल, नरसिंहपुर जिला अध्यक्ष अजीत सिंह पटेल, जिला महामंत्री अशोक भार्गव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं नर्मदा भक्त मौजूद रहे।
मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और कन्या पूजन से हुआ शुभारंभ
प्रदेश स्तरीय बैठक की शुरुआत मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं कन्या पूजन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह स्वरूप मां नर्मदा का छायाचित्र भेंट किया गया।
प्रदेश के प्रत्येक जिले में नर्मदा संरक्षण का अभियान
संस्था के प्रदेश महामंत्री भैया जी रावत ने बैठक को संबोधित करते हुए संस्था के उद्देश्यों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के उत्थान और संरक्षण के लिए सभी को मिलकर निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि संस्था आने वाले समय में प्रदेश के प्रत्येक जिले में मां नर्मदा को बचाने और उसके संरक्षण के लिए अभियान चलाएगी। इस दिशा में सभी पदाधिकारी एवं नर्मदा भक्त एकजुट होकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने संस्था के कार्यों को गति देने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
पूर्व विधायक एवं प्रदेश संरक्षक सदस्य नरेश पाठक ने भी सभी लोगों से एकजुट होकर मां नर्मदा के संरक्षण एवं उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

गंदे नालों और कचरे को नर्मदा में जाने से रोकने पर जोर
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष श्रवण पटेल ने कहा कि मां नर्मदा को बचाने के लिए केवल साफ-सफाई ही नहीं, बल्कि नदी में विभिन्न स्थानों से प्रवाहित होने वाले गंदे पानी और मल-मूत्र को रोकने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि नर्मदा तटों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ लोगों को नदी में कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक करना भी जरूरी है।
सप्ताह में एक दिन चलाया जाए विशेष स्वच्छता अभियान
संस्था के प्रदेश संरक्षक सदस्य तपन भौमिक ने कहा कि सभी नर्मदा भक्तों को सप्ताह में कम से कम एक दिन एकत्रित होकर मां नर्मदा के तटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की शुरुआत करनी चाहिए।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जगह-जगह मां नर्मदा का सीना चीरकर रेत का दोहन किया जा रहा है, जो भविष्य के लिए गंभीर संकट का संकेत है। उन्होंने कहा कि रेत के अवैध एवं अत्यधिक दोहन के खिलाफ सभी को मिलकर पुरजोर आवाज उठानी होगी।
उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह लापरवाही जारी रही तो वह दिन दूर नहीं जब मां नर्मदा की स्थिति भी छोटी नदियों जैसी हो सकती है। प्रत्येक नर्मदा भक्त को अपने क्षेत्र में नर्मदा संरक्षण के लिए सतत प्रयास करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लेना चाहिए।
सरकार हरसंभव सहयोग करेगी—मंत्री राव उदय प्रताप सिंह
मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मां नर्मदा को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी संस्था के साथ मिलकर नर्मदा संरक्षण के लिए सतत प्रयास करेंगे।
मंत्री ने कहा कि इस पुनीत कार्य में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा हरसंभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी समय में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ संस्था के पदाधिकारियों एवं नर्मदा भक्तों की बैठक आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में सामने आने वाले सुझाव एवं निष्कर्षों के आधार पर मां नर्मदा के उत्थान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जगह-जगह लोग मां नर्मदा को दूषित कर रहे हैं। नदी में वाहनों को धोना, पन्नी, डिस्पोजल एवं अन्य कचरा फेंकना जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “यह हमारा सौभाग्य है कि हम मां नर्मदा की गोद में पैदा हुए हैं। इसलिए हमारा दायित्व भी है कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और निर्मल नर्मदा मिले तथा हम मां नर्मदा को हमेशा कल-कल बहते हुए देख सकें।”
मंत्री ने कहा कि मां नर्मदा के प्रति आस्था केवल स्नान तक सीमित नहीं है, बल्कि नदी का संरक्षण और उसकी स्वच्छता बनाए रखना भी सच्ची श्रद्धा है। सभी को मिलकर ऐसे प्रयास करने चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी मां नर्मदा के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा कायम रख सकें।
सतीश पचौरी बने गाडरवारा तहसील अध्यक्ष
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से सतीश पचौरी को मां नर्मदा परमार्थ समाज सेवी संस्था का तहसील अध्यक्ष गाडरवारा नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं नर्मदा भक्तों ने शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रामसजीवन यादव, प्रदेश मंत्री कमलेश सिंह परमार, जिला संरक्षक सदस्य बसंत जोशी, जिला संरक्षक केदार सिंह राजपूत, भरत सिंह राजपूत, प्रकाश यादव, जिला उपाध्यक्ष भैया जी ठाकुर, सिरसिरी मंडल अध्यक्ष मृत्युंजय दीक्षित, अखिलेश राय अध्यक्ष नगर मंडल, महामंत्री दीपक दुबे, जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र मेहरा, कमल सिंह ठाकुर सहित प्रदेश, जिला एवं तहसील कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।
इसके अलावा गाडरवारा तहसील के विभिन्न ग्रामों एवं नगर गाडरवारा के सभी वार्डों से बड़ी संख्या में मां नर्मदा भक्त एवं चरण सेवक बैठक में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन प्रफुल्ल दीक्षित ने किया।







