मध्य प्रदेश

दुःख की घड़ी में अब कोई गरीब परिवार अकेला नहीं रहेगा, अंत्येष्टि के लिए आर्थिक मदद करेगी जिला कांग्रेस कमेटी : सुनीता पटेल

प्रशासनिक सहायता में देरी होने पर कांग्रेस उठाएगी जिम्मेदारी, जरूरतमंद परिवारों को तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी अंत्येष्टि सहायता राशि

गाडरवारा। किसी परिवार में अपनों को खोने का दुख पहले ही असहनीय होता है, ऐसे में यदि आर्थिक तंगी के कारण अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो जाए तो पीड़ा और बढ़ जाती है। गरीब परिवारों की इसी परेशानी को समझते हुए जिला कांग्रेस कमेटी नरसिंहपुर ने एक महत्वपूर्ण और मानवीय पहल की घोषणा की है। अब यदि किसी गरीब मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से अंत्येष्टि सहायता राशि समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो ऐसी स्थिति में जिला कांग्रेस कमेटी स्वयं पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल ने घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस का संकल्प है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी गरीब परिवार को अपने परिजन के अंतिम संस्कार में परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक प्रक्रियाओं में होने वाली देरी के कारण कई बार जरूरतमंद परिवारों को तत्काल आर्थिक संकट से गुजरना पड़ता है। ऐसे कठिन समय में उनकी मदद करना सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है।

कांग्रेस के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी रहेंगे सहायता के लिए तत्पर

जिला कांग्रेस कमेटी की इस पहल को प्रभावी बनाने के लिए संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और आनुषंगिक संगठनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें जिला कांग्रेस कार्यकारिणी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष, सेक्टर कांग्रेस अध्यक्ष, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस सेवादल, युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस तथा आईटी सेल एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

इसके अलावा कांग्रेस के बीएलए-2 सहित संगठन के अन्य जिम्मेदार कार्यकर्ता भी जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए तत्पर रहेंगे। पीड़ित परिवार इन पदाधिकारियों में से किसी से भी संपर्क कर अंत्येष्टि सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

राजनीति से ऊपर मानवता की सेवा हमारा धर्म : सुनीता पटेल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करना ही हमारा सबसे बड़ा धर्म है। किसी गरीब परिवार को अपने प्रियजन के अंतिम संस्कार के समय आर्थिक परेशानी से जूझना पड़े, यह बेहद पीड़ादायक स्थिति है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार खुद को अकेला महसूस न करे।

उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी हर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ी रहेगी और जहां प्रशासनिक सहायता समय पर नहीं पहुंच पाएगी, वहां संगठन अपनी ओर से मदद का प्रयास करेगा।

मानवीय पहल की हो रही सराहना

जिला कांग्रेस कमेटी की इस घोषणा को जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। जिले में इस पहल की सराहना हो रही है। सामाजिक संगठनों ने भी इसे संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी से जुड़ी सराहनीय पहल बताया है।

इस पहल से यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि किसी परिवार के लिए अपनों को खोने का दुख ही काफी है, अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक संकट उसकी परेशानी को और न बढ़ाए। दुख की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़े होना ही सच्ची सामाजिक संवेदनशीलता है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!