पीड़ित परिवार के लिए कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह ने स्वीकृत की 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सेवा सदन में की मुलाकात, मां की असामयिक मृत्यु के बाद बच्चों के भविष्य और पालन-पोषण के लिए मांगी थी मदद, मंत्री ने तत्काल दी सहायता की स्वीकृति

गाडरवारा। एक परिवार पर आई विपत्ति के बीच अनाथ हुए बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक राव उदय प्रताप सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मंत्री के इस निर्णय से संकट से जूझ रहे परिवार को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद जगी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विगत दिवस सेवा सदन में साहू समाज के वरिष्ठजनों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गाडरवारा के सुभाष वार्ड निवासी स्वर्गीय सुदेश साहू के परिवार पर आई दुखद परिस्थितियों से मंत्री को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि परिवार में हृदय विदारक घटना के चलते बच्चों की मां का असामयिक निधन हो गया है। इस दुखद घटना के बाद छोटे-छोटे बच्चों के सामने भरण-पोषण, शिक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अत्यंत दयनीय होने के कारण बच्चों की देखभाल और पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल के आवेदन पर तत्काल लिया निर्णय
साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शासन स्तर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग करते हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह को आवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि विपरीत परिस्थितियों से गुजर रहे परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा और परवरिश प्रभावित न हो।
मामले की गंभीरता और बच्चों की जरूरतों को देखते हुए मंत्री उदय प्रताप सिंह ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने का निर्णय लिया। मंत्री की इस पहल को संकटग्रस्त परिवार के लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है।
साहू समाज ने जताया आभार
मंत्री द्वारा आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने पर साहू समाज के प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठजनों ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। समाजजनों ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में परिवार को मिला यह आर्थिक सहयोग बच्चों के पालन-पोषण एवं शिक्षा के लिए सहायक साबित होगा।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र साहू, रमेश साहू, अनिल साहू, एडवोकेट नितिन साहू, रज्जू साहू रुपाली, लखन साहू सहित गाडरवारा साहू समाज मां कर्मा समिति के पदाधिकारी एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए की गई इस आर्थिक सहायता की स्वीकृति से समाजजनों में संतोष व्यक्त किया गया।







