मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
सेवा सदन लक्ष्मी टाउनशिप में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिक, मंत्री बोले—जनता की सेवा ही हमारा संकल्प

गाडरवारा। मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन विभाग के कैबिनेट मंत्री तथा गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक उदय प्रताप सिंह ने स्थानीय सेवा सदन लक्ष्मी टाउनशिप में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे गणमान्य नागरिकों से सौजन्य मुलाकात भी की।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों को लेकर पहुंचे। मंत्री उदय प्रताप सिंह ने लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता : उदय प्रताप सिंह
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन की सरकार है और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
मंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की ताकत हैं और जनता की सेवा ही उनका संकल्प है। जनसामान्य की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा, परिवहन सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों से भी की मुलाकात
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता ठाकुर रणजीत सिंह राजपूत, शुभम राजपूत और अभिषेक बढ़कुर ने भी मंत्री उदय प्रताप सिंह से मुलाकात की तथा आयोजन के संदर्भ में चर्चा की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्षदगण, वरिष्ठ भाजपा नेता, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिला। संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।







