गाडरवारा छिड़ाव घाट पर जगमगाए हजारों दीप, मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले—विकास के दीप का प्रकाश देशभर में फैल रहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत गाडरवारा में हुआ वृहद दीप प्रज्वलन कार्यक्रम

गाडरवारा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार शाम गाडरवारा के नदी मोहल्ला स्थित छिड़ाव घाट परिसर में वृहद दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान घाट परिसर हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, मातृशक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए।
विकास और जनकल्याण का प्रतीक है दीप प्रज्वलन
दीप प्रज्वलन के पश्चात आयोजित मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास के दीप का प्रकाश आज देशभर में फैल रहा है। यह प्रकाश देश की प्रगति, सेवा और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के देश के प्रति समर्पण और सेवा को सेवा संकल्प अभियान समर्पित है। प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर उनके प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने बनाई वैश्विक पहचान : साधना स्थापक
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। राष्ट्र के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों में प्रधानमंत्री का महत्वपूर्ण योगदान है।
देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा : शिवाकांत मिश्रा
नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।
कार्यक्रम को श्री घनश्याम राजपूत ने भी संबोधित किया।
हितग्राहियों को चेक वितरित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा चेक वितरित किए गए। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष श्री चंद्रकांत शर्मा ने किया।
इस अवसर पर श्री अनूप जैन, श्री अनिल लूनावत, श्री मुकेश मरैया, श्री राव संदीप सिंह, श्री रीतेश राय, श्री कमल खटीक, श्री शुभम राजपूत, श्रीमती पूजा तिवारी, श्री अशोक सराठे, श्री हर्ष पाठक, श्रीमती प्रगति वर्मा, श्रीमती रितु मेहरा, डॉ. अनिल कुशवाहा, श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी एवं श्रीमती प्रियंका नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







