मध्य प्रदेश

पलोहा बड़ा में सीएनजी प्लांट का विरोध, ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सीएनजी प्लांट निर्माण पर रोक लगाने और आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग

गाडरवारा। ग्राम पलोहा बड़ा के ग्रामीणों ने गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार प्रियंका नेताम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ग्राम पलोहा बड़ा-काटजु नगर मुख्य मार्ग पर निर्माणाधीन सीएनजी प्लांट के निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा प्लांट को आबादी क्षेत्र से दूर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि ग्राम पलोहा बड़ा तहसील गाडरवारा में काटजु नगर रोड से लगी भूमि पर सीएनजी प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। यह भूमि प्रधानमंत्री सड़क से लगभग 10 मीटर की दूरी पर तथा आबादी क्षेत्र से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित बताई गई है।

गैस भंडारण और दुर्गंध को लेकर जताई चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट के तैयार होने के बाद यहां सीएनजी के उत्पादन और भंडारण की प्रक्रिया होगी। आबादी के नजदीक होने के कारण भविष्य में मानव जीवन के साथ पशु-पक्षियों और फसलों पर संभावित प्रभाव को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्लांट में कच्चे माल के भंडारण और एनारोबिक डाइजेशन की प्रक्रिया के दौरान दुर्गंध एवं गैस की समस्या उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि प्लांट में बड़ी मात्रा में गैस का भंडारण होने के कारण किसी प्रकार की चूक गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका

ग्रामीणों ने प्लांट तक कच्चा माल पहुंचाने और गैस के परिवहन के लिए भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि भारी वाहन आबादी क्षेत्र से होकर गुजरेंगे और पलोहा मुख्य बाजार होते हुए ग्राम खैरी कला की ओर आवाजाही होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन सीएनजी प्लांट के मामले की जांच कराई जाए तथा इसे आबादी क्षेत्र से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

ज्ञापन देने वालों में जनपद सदस्य रामगोपाल गुर्जर, राजा गुर्जर, हलकुम परेल, सुमेर गुर्जर, नवीन गुर्जर, प्रशांत गुर्जर, शुभम गुर्जर, नरेंद्र गुर्जर, ब्रजेश गुर्जर, गुड्डा साहू, ज्वाला प्रसाद, रामेश्वर गुर्जर, अरविंद पटेल, संजय गुर्जर, राज्यपाल गुर्जर, एलस घोसी, भैया साहब, प्रवेश गुर्जर, तुला कुशवाहा, हरीश, समीर, राजीव, शुभम सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!