धर्ममध्य प्रदेश

गाडरवारा: मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम देते हुए निकला जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

गाडरवारा। मुस्लिम समाज द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के अवसर पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नए बस स्टैंड स्थित बावली दरबार से मोहम्मदी जुलूस शान-ओ-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।

जामा मस्जिद कमेटी के तत्वावधान में निकाले गए जुलूस में मस्जिद से हाफिज जुबेर आलम साहब भी शामिल हुए। जुलूस विभिन्न मार्गों से होता हुआ शिवालय चौक, शक्ति चौक, महावीर भवन, पानी की टंकी स्थित छोटी मस्जिद पहुंचा। इसके बाद चावड़ी चौकी, झंडा चौक, सराफा, पुरानी गल्ला मंडी और पुराने बस स्टैंड होते हुए जामा मस्जिद पहुंचा, जहां जुलूस का समापन किया गया।

जगह-जगह सजावट के साथ हुआ स्वागत

मोहम्मदी जुलूस के स्वागत के लिए शहर की विभिन्न मस्जिदों सहित शक्ति चौक नौजवान कमेटी, मुन्ना मिस्त्री के सामने मदीना दरबार, पानी की टंकी स्थित छोटी मस्जिद कमेटी और नए बस स्टैंड स्थित बावली दरबार कमेटी द्वारा आकर्षक सजावट की गई थी।

जुलूस में मुस्लिम समाज के लोग हाथों में परचम लेकर शामिल हुए और धार्मिक नारों के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते रहे। जुलूस में मदीना शरीफ के रोजे, गौस पाक और ख्वाजा गरीब नवाज के तुगरे भी आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने जियारत कर गुलाब की मालाएं पेश कीं।

घोड़े, ऊंट और शहनाई रहे आकर्षण का केंद्र

मोहम्मदी जुलूस में नृत्य करते घोड़े, ऊंट पर परचम लेकर बैठे बच्चे और शहनाई की धुन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं डी.जे. पर मजहबी कलाम भी बजते रहे। मलंग बाबाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न करतब देखने के लिए भी लोगों की भीड़ नजर आई।

शक्ति चौक पर नौजवान कमेटी द्वारा विशेष स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यहां मदीना शरीफ के रोजे की जियारत के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्वागत समारोह का संचालन अब्दुल फिरोज खान ने किया।

जुलूस में दिखी सांप्रदायिक सद्भाव की झलक

मोहम्मदी जुलूस के दौरान मुस्लिम समाज के लोग सादगी और अनुशासन के साथ परचम लेकर आगे बढ़ते नजर आए। आयोजकों के अनुसार, जुलूस के माध्यम से मोहब्बत, भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश दिया गया। जुलूस के पीछे जामा मस्जिद और फैजाने मदीना के इमाम नात-ए-पाक पढ़ने वालों के साथ चल रहे थे।

विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने किया स्वागत

पुरानी गल्ला मंडी में कांग्रेस नेता जिनेश जैन द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया। वहीं नए बस स्टैंड पर पूर्व विधायक साधना स्थापक, मिनेन्द्र डागा, नवनीत चाचा, विकास जैन, राजकुमार पालीवाल, राव संदीप सिंह, सत्तार खान, रीतेश राय, कमल राजपूत और लखन साहू सहित अन्य लोगों ने जुलूस का स्वागत किया।

श्याम टॉकीज के पास मकसूद खान सहित फैजाने मदीना मस्जिद कमेटी की ओर से भी जुलूस का स्वागत किया गया।

आयोजन की सफलता में युवाओं की रही महत्वपूर्ण भूमिका

जुलूस को सफल बनाने में जामा मस्जिद कमेटी अध्यक्ष अबरार खान, छोटी मस्जिद अध्यक्ष उवेश कुरैशी, मुस्लिम विकास परिषद के अब्दुल फिरोज खान, महमूद पहलवान, मुस्लिम त्योहार कमेटी के मुजीब खान, जामा मस्जिद कमेटी के आशिक हुसैन, शेख सोहेल, शाहिद ठेकेदार, सलमान खान, आशिक अली, इसरार चंदू, सादाब खान, सादिक अली, अफजल खान, फारुख खान, असबाब अली, आबिद खान, इमरान, राज, फिरोज, फिजा, सप्पू खान और इकबाल खान सहित बड़ी संख्या में युवाओं की भूमिका रही।

जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष अबरार खान ने जश्ने ईद मिलादुन्नबी के आयोजन में सहयोग के लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगरपालिका का आभार व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!