मध्य प्रदेश

नरसिंहपुर-जबलपुर-नर्मदापुरम जिले के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब रोज दौड़ेगी इटारसी-मदनमहल शटल पैसेंजर, खबरों का असर

इटारसी-मदनमहल शटल पैसेंजर ट्रेन रोज चलेगी। सालीचौका, गाडरवारा, करेली और नरसिंहपुर के यात्रियों को राहत, समय बदलने की भी मांग।

गाडरवारा। नरसिंहपुर, गाडरवारा, सालीचौका, करेली से लेकर जबलपुर और नर्मदापुरम जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से बंद पड़ी इटारसी-मदनमहल पैसेंजर शटल ट्रेन को रेलवे ने दोबारा चलाने की मंजूरी दे दी है। कोरोना काल में बिना किसी नोटिफिकेशन के बंद हुई इस ट्रेन के पुनः संचालन को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों द्वारा लगातार खबरों के माध्यम से आवाज उठाई जा रही थी और रेल मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों से भी ट्रेन शुरू कराने की मांग की जा रही थी। आखिरकार इन प्रयासों का असर दिखाई दिया और अब यह शटल ट्रेन फिर से पटरी पर दौड़ने जा रही है।

इस ट्रेन के शुरू होने से इटारसी, नर्मदापुरम, पिपरिया, गाडरवारा, सालीचौका, करेली, नरसिंहपुर और जबलपुर के बीच रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज और रोज अप-डाउन करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

इटारसी से सुबह 11:40 बजे चलेगी ट्रेन

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 51673 इटारसी-मदनमहल पैसेंजर इटारसी जंक्शन से प्रतिदिन सुबह 11:40 बजे रवाना होगी और करीब 4:45 बजे मदनमहल पहुंचेगी।

वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 51674 मदनमहल-इटारसी पैसेंजर शाम 5:50 बजे मदनमहल से रवाना होकर रात करीब 10:55 बजे इटारसी जंक्शन पहुंचेगी।

सालीचौका, गाडरवारा, करेली और नरसिंहपुर में भी रुकेगी

दैनिक शटल पैसेंजर करीब 242 किलोमीटर की दूरी लगभग 5 घंटे 5 मिनट में तय करेगी। रास्ते में बागरा तवा, सोहागपुर, पिपरिया, बनखेड़ी, सालीचौका रोड, गाडरवारा, करेली, नरसिंहपुर और श्रीधाम सहित प्रमुख स्टेशनों पर वाणिज्यिक ठहराव रहेगा।

ट्रेन शुरू होने से छोटे कस्बों और गांवों से जिला मुख्यालय, जबलपुर और इटारसी जाने वाले लोगों को कम खर्च में रेल यात्रा का विकल्प मिल सकेगा। खासकर इलाज के लिए जबलपुर जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों, कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा नौकरीपेशा लोगों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।

खबरों का असर, लगातार उठ रही थी ट्रेन चलाने की मांग

गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान इस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद से ही क्षेत्र के रेल यात्री लगातार इस ट्रेन को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहे थे। स्थानीय पत्रकारों द्वारा भी लगातार इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। रेल मंत्री, रेलवे अधिकारियों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों तक यात्रियों की समस्या पहुंचाई गई।

लंबे समय से चल रही इस मुहिम के बाद अब इटारसी-मदनमहल शटल को दोबारा चलाने की मंजूरी मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

लेकिन समय में बदलाव की भी जरूरत

हालांकि ट्रेन के लिए जो समय निर्धारित किया गया है, उसको लेकर क्षेत्र के यात्रियों में अभी से चर्चा शुरू हो गई है। दोपहर 11:40 बजे इटारसी से रवाना होने के कारण ट्रेन नरसिंहपुर जिले के स्टेशनों पर दोपहर बाद पहुंचेगी और शाम तक मदनमहल पहुंचेगी। ऐसे में रोजाना जबलपुर जाने वाले कोर्ट-कॉलेज, व्यापार, नौकरी और इलाज के लिए जाने वाले यात्रियों को इसका उतना फायदा नहीं मिल पाएगा, जितना सुबह की ट्रेन होने पर मिल सकता है।

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि यदि इटारसी से ट्रेन को सुबह करीब 8 बजे रवाना किया जाए, तो सालीचौका, गाडरवारा, करेली और नरसिंहपुर से बड़ी संख्या में यात्री सुबह जबलपुर पहुंच सकते हैं। इससे जबलपुर में कोर्ट-कचहरी, कॉलेज, अस्पताल, बाजार और दफ्तरों में जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और शाम को वे इसी ट्रेन से वापस भी लौट सकेंगे।

यात्रियों का कहना है कि ट्रेन को दोबारा शुरू करना निश्चित रूप से अच्छी पहल है, लेकिन समय में थोड़ा बदलाव कर इसे सुबह चलाया जाए तो इसका असली फायदा नरसिंहपुर, गाडरवारा, सालीचौका और आसपास के हजारों यात्रियों को मिल सकेगा।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!