जबलपुर में नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार कराने वाले सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कई होटल जांच के घेरे में
पश्चिम बंगाल की महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई होटल जांच के दायरे में

जबलपुर। जबलपुर पुलिस ने बाहर राज्य और जिलों से महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर बुलाने, उन्हें धमकाकर अनैतिक देह व्यापार में धकेलने और ग्राहकों से मोटी रकम वसूलने वाले एक संगठित सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। महिला थाना पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दीपक धानुक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
नौकरी का झांसा देकर बुलाया, फिर देह व्यापार के लिए किया मजबूर
महिला थाना में पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले की 39 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह दिल्ली में घरेलू काम करती थी। इसी दौरान उसके मोबाइल पर दीपक नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने जबलपुर में अच्छा काम दिलाने का झांसा देकर उसे बुलाया।
महिला 11 जुलाई 2026 को जबलपुर पहुंची, जहां आरोपी ने उसे गोरखपुर क्षेत्र के एक होटल में ठहराया। अगले दिन आरोपी ने फोन कर एक ग्राहक के साथ जाने और उसे खुश करने के बदले 500 रुपये मिलने की बात कही। महिला के विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया।
अलग-अलग होटलों में ले जाकर कराया अवैध धंधा
शिकायत के अनुसार बाद में अरविंद नामक व्यक्ति ने भी उसे दूसरे होटल में बुलाया, जहां अन्य युवतियों के साथ रखा गया। वहां भी धमकाकर कई ग्राहकों के पास भेजा गया और उसकी कमाई का बड़ा हिस्सा आरोपी खुद रख लेते थे। विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा उसे वापस घर जाने से रोक दिया गया। बाद में उसे शहर के अन्य होटलों में भी भेजकर देह व्यापार कराया गया।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
प्रारंभिक जांच में दीपक, अरविंद, रोशनी पटेल और शिव चौधरी के खिलाफ महिलाओं को लालच देकर, धमकाकर देह व्यापार कराने तथा उससे आर्थिक लाभ अर्जित करने के आरोप पाए गए। महिला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 143(2), 3(5), 296(इ), 351(2) तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3, 4, 5 एवं 6 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।
मोबाइल चैट से खुला पूरे नेटवर्क का राज
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
तलाश के दौरान पुलिस ने दीपक धानुक (29 वर्ष), निवासी बाजपेयी कंपाउंड, सदर, थाना कैंट को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से जब्त मोबाइल की व्हाट्सएप चैट की जांच में ग्राहकों को भेजी गई युवतियों की तस्वीरें और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
होटलों में चलता था संगठित नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों अरविंद उर्फ प्रियांशु, रोशनी पटेल और शिवकुमार उर्फ आकाश के साथ मिलकर जबलपुर के कई होटलों में बाहर राज्य और जिलों से युवतियों को नौकरी का लालच देकर बुलाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राहकों से करीब ₹2,000 वसूलते थे, जिसमें से युवती को कुछ घंटों के लिए ₹500, होटल को ₹500 दिए जाते थे, जबकि शेष राशि आरोपी आपस में बांटकर अवैध लाभ कमाते थे।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और होटलों की भूमिका की भी जांच कर रही है।







