राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी का नगर छात्र सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न, विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण का किया आह्वान
सालीचौका में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी ने "मेरी आवाज़–मेरा भारत" छात्र सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सालीचौका नगर इकाई द्वारा माइलस्टोन इंटरनेशनल स्कूल, सालीचौका में “मेरी आवाज़ – मेरा भारत” विषय पर नगर छात्र सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक छात्र जीवन के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नगर एवं आसपास के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन, समाज के प्रति संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही एक विद्यार्थी को श्रेष्ठ नागरिक बनाते हैं।
कार्यक्रम में नरसिंहपुर के जिला विस्तारक एवं कटनी के जिला विस्तारक विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कार्यप्रणाली, संगठन के उद्देश्य एवं छात्र शक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य के निर्माता हैं और उन्हें केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रहकर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद भी किया गया। उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं, रुचियों तथा समाज के प्रति उनके विचारों पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और सीखने की ललक ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी के सदस्यता अभियान की भी विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो छात्र हित, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व निर्माण, सामाजिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करता है। विद्यार्थियों से परिषद की सदस्यता ग्रहण कर संगठन से जुड़ने तथा समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
उपस्थित शिक्षकों ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सालीचौका नगर इकाई ने माइलस्टोन इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकगण, अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सभी कार्यकर्ताओं का सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
परिषद ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी। आगामी दिनों में वृक्षारोपण अभियान, रक्तदान शिविर और नशा मुक्ति जनजागरण अभियान जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों से सहभागिता की अपील की गई।







