गाडरवारा में शहीदाने करबला की याद में मनाया जा रहा मोहर्रम, भाईचारे और सेवा भाव का दिया जा रहा संदेश
गाडरवारा में मोहर्रम पर्व श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। 7 मोहर्रम को अलम मेहदी ताजिए का जुलूस निकलेगा, जबकि 10 मोहर्रम को ताजियों का भव्य मजमा लगेगा। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

गाडरवारा। नगर में मोहर्रम पर्व शहीदाने करबला की याद में पूरे श्रद्धा, अकीदत और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाया जा रहा है। मोहर्रम की शुरुआत से ही शहर में धार्मिक कार्यक्रमों, कुरानख्वानी, लंगर और शरबत वितरण का सिलसिला जारी है। करबला के शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा आयोजन किए जा रहे हैं।
मोहर्रम के अवसर पर हसनी हुसैनी सोसायटी द्वारा शक्ति चौक पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसके साथ ही हजरत अब्बास अलमदार की शान में परचम कुशाई की गई। परचम स्थल पर प्रतिदिन शाम को नियाज-फातेहा और शरबत वितरण किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
7 मोहर्रम को निकलेगा अलम मेहदी ताजिए का जुलूस
सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम की 7 तारीख को अलम मेहदी ताजिए का जुलूस नया बस स्टैंड स्थित शास्त्री वार्ड से निकाला जाएगा। यह जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लंगर और शरबत वितरण की व्यवस्था की गई है।
जामा मस्जिद में हो रहा शहीदाने करबला का बयान
मोहर्रम की पहली तारीख से घर-घर कुरानख्वानी की जा रही है। वहीं जामा मस्जिद में ईशा की नमाज के बाद शहीदाने करबला का बयान किया जा रहा है। हाफिज व कारी जुबेर आलम ने कहा कि करबला का संदेश सत्य के लिए डटे रहने, अन्याय का विरोध करने और मजलूमों का साथ देने की प्रेरणा देता है।
इमामबाड़ों में सजी सवारियां, निकलेगी रन

मोहर्रम की 5 तारीख को नगर के विभिन्न इमामबाड़ों की टिपारियों ने बाबाओं की आमद के साथ शहर में गश्त किया। बड़ेवली इमामबाड़े सहित अन्य इमामबाड़ों में सवारियां खड़ी हो चुकी हैं। मोहर्रम की 7 तारीख की रात्रि में सवारियां रन करने के लिए निकलेंगी।
दरगाहों पर चादर और संदल पेश कर रहे अकीदतमंद
बरिया वाले दरगाह शरीफ पर लंगर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शामिल होकर सबाब हासिल किया। नगर की विभिन्न दरगाहों पर रोजाना चादर और संदल पेश किए जा रहे हैं। कई घरों में ताजिए बनाने का कार्य भी चल रहा है। बड़ेवली क्षेत्र में दादापीर का विशेष ताजिया तैयार किया जा रहा है।
10 मोहर्रम को लगेगा ताजियों का मजमा

मोहर्रम की 10 तारीख को संजय मार्केट के सामने सुबह से ताजियों का भव्य मजमा लगेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर ताजियों की जियारत करेंगे और करबला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद भी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दे रही है।
एसडीएम मणिंद्र सिंह, एसडीओपी ललित डागुर और नगर निरीक्षक अशोक चौहान ने विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भाईचारे और मोहब्बत का संदेश
जामा मस्जिद कमेटी अध्यक्ष अबरार खान, मध्य प्रदेश मुस्लिम विकास परिषद के अब्दुल फिरोज खान, मेहमूद पहलवान, त्योहार कमेटी अध्यक्ष मुजीब खान तथा हसनी हुसैनी सोसायटी अध्यक्ष लकी अली ने सभी ताजियेदारों और इमामबाड़ा समितियों से मोहर्रम पर्व को शहीदाने करबला की याद में श्रद्धा, अनुशासन और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम का संदेश इंसानियत, मोहब्बत, त्याग और भाईचारे को मजबूत करना है।







