मध्य प्रदेश

शक्तिचौक पर 17जून को भव्य रक्तदान शिविर, युवाओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील

मोहर्रम की पहली तारीख पर इंसानियत और सेवा का संदेश, हसनी हुसैनी सोसायटी का सराहनीय प्रयास

गाडरवारा। “रक्तदान महादान” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से गाडरवारा नगर के शक्तिचौक पर 17 जून को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। हसनी हुसैनी सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित यह शिविर सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के भाग लेने की उम्मीद जताई जा रही है।

मोहर्रम माह की पहली तारीख की शुरुआत सेवा और मानवता के इस पुनीत कार्य से की जा रही है। आयोजकों का मानना है कि रक्तदान न केवल एक सामाजिक दायित्व है, बल्कि यह किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम भी है।

युवाओं में दिख रहा उत्साह

रक्तदान शिविर को लेकर नगर के युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों द्वारा लगातार लोगों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की जा रही है। समाजसेवियों का कहना है कि युवाओं की भागीदारी से इस अभियान को और अधिक मजबूती मिलेगी।

हसनी हुसैनी सोसायटी के अध्यक्ष लकी अली ने नगरवासियों, विशेष रूप से युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “रक्तदान करके हम किसी अजनबी के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगा सकते हैं। युवाओं को आगे आकर इस सामाजिक अभियान का हिस्सा बनना चाहिए।”

मोहर्रम देता है इंसानियत और भाईचारे का संदेश

जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष अबरार खान ने कहा कि मोहर्रम केवल शोक का महीना नहीं है, बल्कि यह इंसानियत, भाईचारे और मानव सेवा का भी संदेश देता है।

उन्होंने कहा, “हसनी हुसैनी सोसायटी द्वारा मोहर्रम की शुरुआत रक्तदान जैसे सेवा कार्य से करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। इससे लोगों में मानवता की भावना मजबूत होगी।”

करबला की कुर्बानी से प्रेरणा लेने का संदेश

हाफिज एवं कारी जुबेर आलम साहब ने कहा कि करबला के शहीदों ने सत्य और इंसाफ की रक्षा के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी थी।

उन्होंने कहा, “हम तो सिर्फ अपना थोड़ा सा खून दे रहे हैं, लेकिन यदि इससे किसी की जान बच जाए तो इससे बड़ी इबादत और कोई नहीं हो सकती।”

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे धर्म और जाति से ऊपर उठकर मानव सेवा के इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

जनप्रतिनिधि और समाजसेवी रहेंगे मौजूद

आयोजकों के अनुसार रक्तदान शिविर के दौरान नगर के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।

ब्लड बैंक की टीम करेगी रक्त संग्रह

रक्तदान शिविर में ब्लड बैंक की विशेषज्ञ टीम के साथ स्थानीय शासकीय चिकित्सालय की ब्लड स्टोरेज यूनिट की टीम भी मौजूद रहेगी। रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया जाएगा।

सेवा और सद्भाव का संदेश देगा गाडरवारा

गाडरवारा नगर में मोहर्रम की शुरुआत इस बार सेवा, समर्पण और भाईचारे के संदेश के साथ हो रही है। रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शक्तिचौक पहुंचकर रक्तदान करें और इस महाअभियान को सफल बनाएं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!