नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी सफलता: जैन मंदिरों में चोरी करने वाले 5 सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 250 साल पुरानी मूर्तियां बरामद
नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी सफलता: जैन मंदिरों में चोरी करने वाले 5 सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 250 साल पुरानी मूर्तियां बरामद

नरसिंहपुर। जिले में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली चोरी की वारदातों का नरसिंहपुर पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पिछले दो से तीन महीनों के दौरान जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर हुई चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 5 सदस्यीय शातिर चोर गिरोह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जैन मंदिरों से चोरी की गई करीब 250 वर्ष पुरानी भगवान की अष्टधातु की मूर्तियां, चांदी के छत्र, मुकुट और अन्य लाखों रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के जैन समाज सहित आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
धार्मिक स्थलों को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार विगत दो से तीन महीनों में जिले के तीन धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इनमें ग्राम रामनिवारी स्थित जैन मंदिर, तेन्दूखेड़ा का धार्मिक स्थल और करकबेल जैन मंदिर शामिल थे। इन घटनाओं ने धार्मिक समुदायों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शुरुआत से ही तकनीकी जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर गहन विवेचना शुरू कर दी थी।
तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुला राज
घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस ने महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के तरीके, समय और स्थान का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया।
इसी दौरान निगरानी बदमाश टिक्कू उर्फ टेकसिंह लडिया की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उससे पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पूछताछ में सामने आए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
- टिक्कू उर्फ टेकसिंह लडिया
- ज्ञानी पिता गोरेलाल प्रजापति, निवासी झामर, थाना ठेमी
- आशीष शर्मा पिता बिहारीलाल शर्मा, निवासी गोहचर, थाना गोटेगांव
- नितिन शर्मा पिता कैलाश शर्मा, निवासी मुरलीधर वार्ड, गोटेगांव
- चिन्टू उर्फ मुकेश सोनी, जो चोरी का सामान खरीदता था
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
5 बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने जिले में हुई पांच चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। इनमें—
- 06-07 जून 2026 की रात करकबेल जैन मंदिर में चोरी
- 10 मार्च 2026 को रामनिवारी जैन मंदिर में चोरी
- 07 अप्रैल 2026 को तेन्दूखेड़ा स्थित धार्मिक स्थल में चोरी
- 30 मई 2026 को बैलहाई, गोटेगांव की चाय-नाश्ते की दुकान में चोरी
- 02 अप्रैल 2026 को गोटेगांव-सतपुड़ा रोड स्थित एक मकान में चोरी
शामिल हैं।
250 साल पुरानी मूर्तियां सहित लाखों का सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर चोरी गया सामान बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—
बरामद मशरूका
- 250 वर्ष पुरानी भगवान की अष्टधातु की 02 मूर्तियां
- चांदी के 17 छत्र
- चांदी के 02 आसन
- चांदी का 01 मुकुट
- 04 बैट्री
- 03 इनवर्टर
- 02 फ्रिज
- 04 एलईडी टीवी
- 02 डीवीआर
- 02 पंखे
- घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल
- नगदी 4,000 रुपये
बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
एसपी के निर्देशन में गठित हुई थीं तीन विशेष टीमें
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें गठित की गई थीं।
इन टीमों को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। टीमों ने लगातार प्रयास कर इस संवेदनशील मामले का सफल खुलासा किया।







