मध्य प्रदेश

गाय को “राष्ट्र माता” घोषित करने की मांग, मुस्लिम विकास परिषद ने राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर गाय को राष्ट्र माता घोषित करने तथा सशक्त गोवंश संरक्षण कानून बनाने की मांग की।

गाडरवारा। मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद, जिला नरसिंहपुर द्वारा गाय को “राष्ट्र माता” घोषित करने तथा गोवंश संरक्षण के लिए सशक्त कानून बनाए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन कलेक्टर नरसिंहपुर के माध्यम से प्रेषित किया गया।

परिषद के जिला अध्यक्ष मोहम्मद शमसुद्दीन खान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गाय को विशेष सम्मान प्राप्त है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि गाय को करुणा, पालन-पोषण और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है तथा हिंदू समाज के एक बड़े वर्ग में इसके प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा है।

ज्ञापन में परिषद ने मांग की है कि गाय के धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व को देखते हुए उसे “राष्ट्र माता” का दर्जा प्रदान किया जाए। साथ ही देशभर में गोवंश संरक्षण के लिए एक प्रभावी और सशक्त कानून लागू किया जाए, जिससे गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

परिषद ने अपने ज्ञापन में यह भी दावा किया है कि पिछले कुछ वर्षों में गाय से जुड़े मुद्दों का राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर उपयोग किया गया है, जिससे विभिन्न समुदायों के बीच तनाव की स्थितियां बनी हैं। परिषद ने कहा कि गाय के सम्मान और संरक्षण का विषय सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

ज्ञापन में सरकार से आग्रह किया गया है कि गोवंश संरक्षण के साथ-साथ समाज में सद्भाव और शांति बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद ने उम्मीद जताई है कि केंद्र और राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और इस संबंध में उचित निर्णय लिया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!