मुंब्रा में ‘नीला ड्रम कांड’ जैसी खौफनाक वारदात: प्रेमी की हत्या कर हरे ड्रम में फेंकी लाश, महिला समेत 2 गिरफ्तार
मुंबई के मुंब्रा में मेरठ के ‘नीला ड्रम कांड’ जैसी सनसनीखेज वारदात सामने आई। महिला ने पति और भाई के साथ मिलकर प्रेमी अरबाज की हत्या की और शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया।

मुंबई के मुंब्रा इलाके से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम कांड’ की याद ताजा कर दी। यहां एक महिला ने अपने पति और सगे भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को हरे रंग के ड्रम में बंद कर सुनसान नाले में फेंक दिया गया।
मुंब्रा पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति हसन और एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
दादर जाने निकला था अरबाज, फिर नहीं लौटा घर
मृतक की पहचान अरबाज मकसूद अली खान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक अरबाज घर से दादर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मोबाइल लोकेशन से खुला हत्या का राज
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए अरबाज की कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन खंगाली। जांच में पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। इसी दौरान उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी वहीं पाई गई।
शक गहराने पर पुलिस ने मेहजबीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।
पैसों के लालच में रची गई हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक के साथ मिलकर अरबाज से मोटी रकम ऐंठने की योजना बनाई थी। योजना के तहत अरबाज को पैसों के बहाने वर्सोवा बुलाया गया।
जब आरोपियों को पैसे नहीं मिले तो उन्होंने अरबाज के हाथ-पैर बांध दिए और प्लास्टिक के भारी पाइप से बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
शव को ड्रम में भरकर नाले में फेंका
हत्या के बाद आरोपियों ने बाजार से एक बड़ा हरा ड्रम खरीदा और शव को मोड़कर उसमें ठूंस दिया। इसके बाद ड्रम को वाहन में रखकर मुंब्रा लाया गया और एक सुनसान नाले में फेंक दिया गया ताकि पहचान छिपाई जा सके।
दो आरोपी गिरफ्तार, पति अब भी फरार
मुंब्रा पुलिस ने तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के जरिए नाले से शव बरामद कर लिया। मामले में मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं, हत्या में शामिल पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजम्मिल पठान अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।







