नरसिंहपुर के सालीचौका में पूर्व पार्षद अनुपम राय ने खुद को गोली मारी, जांच जारी
घर के अंदर हुई घटना, पुलिस कारणों की तलाश में जुटी

संवाददाता अवधेश चौकसे
नरसिंहपुर। जिले के सालीचौका में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 42 वर्षीय अनुपम राय ने कथित रूप से खुद को गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
घर के अंदर उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार, अनुपम राय सालीचौका के निवासी थे और कांग्रेस के पूर्व पार्षद रह चुके हैं। उन्होंने अपने ही घर के अंदर खुद को गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पिस्टल की जांच जारी
थाना प्रभारी अशोक चौहान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनुपम राय ने पिस्टल से खुद को गोली मारी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उपयोग की गई पिस्टल लाइसेंसी थी या अवैध।
परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ
पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी।







